SNE NETWORK.LUDHIANA.

महिला ने वीडियो बनाकर कहा कि ये ट्रैप है।
लुधियाना में गाड़ी का चालान काटने पर महिला पुलिस पर भड़क गई। रुचि शर्मा नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर कहा कि पुलिसकर्मियों ने ओवरस्पीड का झूठा डर दिखाकर उनसे 1000 रुपए ले लिए।
महिला का दावा है कि उनकी गाड़ी की हालत ऐसी ही नहीं है कि वह 100 की रफ्तार पकड़ सके, फिर भी पुलिस ने उन्हें ओवरस्पीड का चालान भरने पर मजबूर किया। ये कंप्लीट स्कैम है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी इस पर संज्ञान लें। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। महिला जम्मू की रहने वाली है। वह शनिवार (11 अप्रैल) को शादी में शामिल होने के लिए लुधियाना आई थी। लाडोवाल टोल प्लाजा के करीब मल्होत्रा रिसोर्ट के पास पुलिस ने उन्हें रोका था।

वीडियो में पुलिस करीमियों के चेहरे ढके हुए
रुचि शर्मा ने करीब 1 मिनट 37 सेकंड के वीडियो में कहा कि जैसे ही हमने लुधियाना में प्रवेश किया, पुलिस ने हमारी वैगनआर गाड़ी को रुकवा लिया। हमारी गाड़ी 100 की स्पीड पर जा ही नहीं सकती। अगर हम कोशिश भी करें तो गाड़ी वाइब्रेट और बबलिंग करने लगती है।
- महिला ने कहा कि हमारी स्पीड हमेशा 70 से 80 के बीच रहती है लेकिन पुलिस ने हमें रोककर कहा कि आपकी गाड़ी ओवरस्पीड है। यहां नाके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अपने चेहरे पूरी तरह ढक रखे थे। हमें ये ट्रैप ही लगा। पुलिस वालों ने कहा अगर अभी कैश दोगे तो 1000 लगेंगे, वरना ऑनलाइन चालान काटेंगे तो 3000 रुपए भरने पड़ेंगे।
- महिला ने कहा कि जब पति और ससुर बात करने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिसकर्मी बार-बार जल्दी करो जल्दी करो कहकर ऑनलाइन चालान की धमकी दे रहे थे। लास्ट में मामला रफा-दफा करने के लिए 1000 रुपए ले लिए गए।
- रुचि शर्मा ने इस घटना को ट्रैप (जाल) करार दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी काफी दूर से ही हाथ देकर गाड़ियों को साइड लगवा रहे थे और कई अन्य लोगों के साथ भी यही व्यवहार किया जा रहा था। बिना किसी ठोस प्रमाण के और धमकाकर पैसे लेना सरासर गलत है।
- वीडियो के लास्ट में महिला ने लुधियाना पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों से अपील की है कि इस मामले पर संज्ञान लिया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को इस तरह बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

महिला के पति ने भी कहा कि उन्होंने कभी गाड़ी 100 की स्पीड से दौड़ाई ही नहीं।
इंस्टाग्राम पर महिला की वीडियो पर रीचिका खुराना नाम की यूजर ने कमेंट कर लिखा- मैम पंजाब में घुसते ही पुलिस वाले खड़े होते हैं। ऐसा ही होता है। इसलिए जब पता चल जाए कि पंजाब आने वाला है, तो कार सही से चलाओ। जिस पर रिप्लाई देते रुचि ने लिखा कार तो सही चल रही थी और स्पीड भी कम थी।
पम्पकिंटोपू नाम के यूजर ने लिखा- आपको 1000 रुपए देने ही नहीं चाहिए थे। जब आपको पता है कि आप गलत नहीं हो। सरकार ने इसलिए सब ऑनलाइन किया है ताकि फर्जीवाड़ा न हो, आपने भी तो एक तरह से रिश्वत ही दी ना, आप भी गलत हो। इस पर रिप्लाई कर रुचि ने लिखा- हम शादी में जा रहे थे और हम किसी भी तरह का हंगामा नहीं चाहते थे।

इस वीडियो को अब तक 3.16 लाख लोग देख चुके हैं। वहीं 9,981 लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर 59 कमेंट आए हैं, जबकि 171 लोगों ने इसे रीशेयर किया।

