मोहित बटालवी.बटाला (गुरदासपुर)।

कैलिफोर्निया सड़क दुर्घटना में पकड़े युवक जश्नप्रीत सिंह मूल तौर पर जिला गुरदासपुर का रहने वाला है। परिवार ने बेटे को बेकसूर बताते हुए, नशे के लगे आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री से बेटे की मदद के लिए गुहार लगाई। बताया है कि उनका बेटा अमृतधारी है, ऐसे में नशा करना तो कोई औचित्य ही नहीं बनता है। यह सभी आरोप सभी एकदम झूठ है। बेटे को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। कर्ज लेकर बेटे को विदेश भेजा था।
बता दें कि जश्नप्रीत सिंह ने मंगलवार को सदर्न कैलिफोर्निया में धीमी गति से चल रहे वाहनों को अपने ट्रक से कथित रूप से टक्कर मार दी थी। 3 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के हवाले से कहा गया कि जश्नप्रीत सिंह ने अपने ट्रक के ब्रेक नहीं लगाए और वाहन ट्रैफिक जाम में घुस गया। यह भी कहा गया कि चालक नशे में था।
उधर, परिवार इस घटना की जानकारी मिलने के उपरांत सदमे में चला गया है। परिवार गुरदासपुर के पुराना शाला गांव में रहता है। पिता रविंदर सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताया कि दुर्घटना के समय उनका बेटा नशे में था। उन्होंने कहा कि उसने कभी कोई भी नशीला पदार्थ नहीं लिया। पिता पेशे से स्कूल चलाते है। इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताते हुए कहा कि वह मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह जानबूझकर नहीं किया गया।
उन्होंने केंद्र से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया और अकाल तख्त एवं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) से उनके बेटे का समर्थन करने का अनुरोध किया ताकि उसके साथ कोई अन्याय न हो जैसे ही जश्नप्रीत की गिरफ्तारी की खबर फैली, ग्रामीण परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए उनके आवास पर इकट्ठा होने लगे।
उधर, रिश्तेदारों ने बताया कि 22 वर्षीय जश्नप्रीत ने अमेरिका जाने के लिए ‘डंकी रूट’ अपनाया। उनकी मां ने धीमी आवाज में कहा कि कृपया हमारे बेटे की मदद करें। वह विदेश सिर्फ हमारा भविष्य बनाने गया था, किसी को नुकसान पहुंचाने नहीं। विदेश भेजने के लिए लगभग 40 लाख रुपए खर्च किए, जिनमें से ज्यादातर उसने कर्ज लिया था।
बता दें कि अगस्त के बाद से यह दूसरी ऐसी घटना है जिसमें भारतीय मूल के किसी ट्रक चालक पर अमेरिका में जानलेवा दुर्घटना का आरोप लगाया गया है। इससे पहले 12 अगस्त को 28 वर्षीय हरजिंदर सिंह ने फ्लोरिडा में अपने ट्रैक्टर-ट्रेलर को कथित तौर पर गलत तरीके से मोड़ा जिससे हुई दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रक चालकों को वीजा जारी करने पर रोक लगाने की घोषणा की थी।

