वरिष्ठ पत्रकार.तरनतारन।
पंजाब के तरनतारन में सर्वसम्मति से चुने गए सरपंच की गोलियां मारकर हत्या की गई है। सर्वसम्मति से सरपंच चुने जाने के बाद राजविंदर सिंह उर्फ राज अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार 3 युवकों ने उनकी कार रोककर राजविंदर सिंह को सरपंच बनने की बधाई दी। इसके बाद आरोपियों ने उसपर गोलियां दाग दी। राजविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 2 साथी गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक राजविंदर सिंह उर्फ राज को तलवंडी ब्लॉक के गांव पट्टी का सरपंच चुना गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मरने वाले सरपंच को आम आदमी पार्टी (आप) का समर्थन था। पुलिस हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हत्या क्यों की गई, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने गांव तलवंडी मोहर सिंह के नवनिर्वाचित सरपंच राजविंदर सिंह की हत्या पर दुख जताया है। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश भी दिए हैं।