वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली/ चंडीगढ़।

पंजाब के मोहाली जिले के डेराबस्सी सब डिवीजन के 9 गांव के लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई। क्योंकि घग्गर नदी का जलस्तर 70,000 क्यूसेक को पार कर गया है। दूसरी तरफ देर रात हुई बारिश से फेज-11 के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। लोगों के घरों पानी भर गया है। लोग बड़ी मुश्किल से अपनी स्थिति संभाल रहे है।
मोहाली जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट में कहा गया है कि सुबह 8:00 बजे घग्गर नदी का जलस्तर 70,000 क्यूसेक को पार कर गया है। घग्गर नदी के कैचमेंट एरिया में बढ़ती वर्षा और सुखना के गेट खुलने के कारण, डेराबस्सी उप-मंडल के किनारे बसे गांवों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। बलटाना पुलिस चौकी में पानी भर गया। इस तरह मोहाली के फेज-11 में बारिश के पानी से जलभराव हुआ है।
जानिए, अलर्ट पर है कौन-कौन से गांव
1. टिवाना
2. खजूर मंडी
3. साधांपुर
4. सरासिनी
5. आलमगीर
6. दंग डेरा
7. मुबारकपुर
8. मीरपुर
9. बकरपुर
देर रात से बारिश होने और जल स्तर बढ़ने से जीरकपुर बलटाना पुलिस चौकी के पास पुल पर पानी बहने लगा था। इस वजह से प्रशासन ने शुक्रवार सुबह से पुल पर आवाजाही बंद कर दी है। साथ ही जेसीबी मशीन से सफाई व मरम्मत कार्य जारी है। रास्ता बंद होने से वाहन चालकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं और उन्हें वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है।

