पंजाब…इस हिस्से में बच्चों की पोर्न फिल्में ‘अपलोड’…. पता चलने पर साइबर सेल ने की ‘DELETE’ 4 पर केस…अब तक 2 ‘ARREST’

CHILD-PORNOGRAPHY-CREDIT-BY-INTT.

SNE NETWORK.CHANDIGARH.

पंजाब के होशियारपुर, जालंधर, पटियाला और संगरूर में बच्चों के यौन शोषण और पोर्न वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए। इन्हें अमेरिका की संस्था नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन (NCMEC) ने ट्रेस किया। मामला ध्यान में आने के बाद पंजाब स्टेट साइबर सेल ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67बी के तहत FIR दर्ज की है। सूत्रों के अनुसार, संगरूर और पटियाला से एक-एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई है, लेकिन पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही।

पुलिस ने सभी आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में दोष साबित होने पर आरोपी को 5 साल तक सजा और 10 लाख रुपए तक जुर्माना हो सकता है। इस मामले की शुरुआत 27 फरवरी 2024 को हुई, जब “romantik…” नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट से बच्चों के यौन शोषण से संबंधित वीडियो अपलोड और प्रसारित किए गए। ये वीडियो करीब दो साल तक सोशल मीडिया पर चलते रहे। 23 फरवरी 2026 को NCMEC ने इन्हें ट्रेस किया और इस संबंध में एक साइबर टिपलाइन रिपोर्ट भारतीय साइबर पोर्टल (NCRP) को भेजी गई।

भारतीय साइबर पोर्टल से शिकायत पंजाब स्टेट साइबर सेल को आगे बढ़ाई। इसके बाद 26 मार्च को FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू हुई। स्टेट साइबर सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम और गूगल (Gmail) से मिली जानकारी के आधार पर पता लगाया कि यह अकाउंट होशियारपुर से जुड़ा है। यह प्रभ नाम के व्यक्ति ने बनाया, जिससे कुछ मोबाइल नंबर लिंक थे।

इस मामले में पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई और कंपनियों से इस संबंधी डाटा मांगा गया। गूगल और जियो (Jio) से मिले रिकॉर्ड्स से पुष्टि हुई कि आरोपी ने मार्च 2024 में ईमेल बनाया था और जुलाई 2024 में इसका इस्तेमाल अपराध के लिए किया। स्टेट साइबर क्राइम ने 26 मार्च को ही जालंधर के एक आरोपी पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी ने सितंबर 2025 में 2 जीमेल अकाउंट्स से बच्चे से संबंधित यौन शोषण वाले 4 वीडियो अपलोड किए थे। इसे भी अमेरिका की संस्था ने ट्रेस किए, जिसके बाद यह केस दर्ज हुआ है। वहीं, पुलिस की टीमें अब मामले की पड़ताल में जुटी हैं।

चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में एक और केस दर्ज हुआ है। सीबीआई को पता चला था कि कुछ लोग वॉट्सऐप ग्रुप्स (जैसे “Only Child Sex Videos”) में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी वीडियो और फोटो शेयर कर रहे थे। इसका मुख्य आरोपी गौतम कुमार गुप्ता है, जो सुनाम (संगरूर, पंजाब) का रहने वाला है।

उसके मोबाइल और मेमोरी कार्ड की जांच में आपत्तिजनक सामग्री मिली। CBI ने जांच के बाद मामला पंजाब पुलिस को दिया, ताकि राज्य पुलिस आगे कानूनी कार्रवाई कर सके और FIR दर्ज कर सके। पुलिस सूत्र बताते हैं इसकी गिरफ्तारी हो गई है। सीबीआई ने 14 नवंबर 2021 को सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से ‘चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेशन मटेरियल’ (CSEM) शेयर करने और स्टोर करने वाले एक सिंडिकेट के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पटियाला के रहने वाले विशु शर्मा के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त किया गया, जिनमें आपत्तिजनक CSEM सामग्री पाई गई।

चूंकि, सीबीआई के पास उस विशिष्ट अवधि के दौरान पंजाब राज्य में आईटी एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत जांच करने की सहमति नहीं थी, इसलिए उन्होंने विशु शर्मा के फोन से मिले सबूतों की जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब राज्य के साइबर अपराध अधिकारियों को भेज दी।हालांकि, सीबीआई की शुरुआती जांच में यह साबित नहीं हो सका कि विशु शर्मा ने उस विशिष्ट वॉट्सऐप ग्रुप में सामग्री शेयर की थी या अन्य आरोपियों के साथ उसकी कोई सीधी बातचीत थी, लेकिन उसके पास सामग्री का पाया जाना अपने आप में अपराध माना गया।

पंजाब स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को सीबीआई से जब्त किए गए फोन, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज प्राप्त हुए। कानूनी विशेषज्ञों ने राय दी कि विशु शर्मा के खिलाफ स्वतंत्र रूप से मामला दर्ज कर जांच की जा सकती है। इसके बाद पंजाब में उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी भी गिरफ्तारी हो चुकी है।

100% LikesVS
0% Dislikes