दाग…अब रिश्वतखोरी में काउंटर इंटेलिजेंस ने भी रखा कदम… जानेंगे, 20 हजार रिश्वत लेते कैसे दरोगा जी हुए गिरफ्तार…?  

punjab-police-symbolic-image-sne

SNE NETWORK.PATIALA/CHANDIGARH.

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस कार्यालय पटियाला में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने एएसआई हरपाल सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। एएसआई हरपाल सिंह के खिलाफ पटियाला के नाभा निवासी ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के एक रिश्तेदार के वर्ष 2023 में खालिस्तानी गतिविधियों में शामिल होने संबंधी जांच की गई थी। इस संदर्भ में आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता को काउंटर इंटेलिजेंस कार्यालय बुलाया और यह आरोप लगाया कि वह स्वयं भी अपने रिश्तेदार के साथ इन गतिविधियों में शामिल था।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी एएसआई ने उसके पक्ष में रिपोर्ट देने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की, जो शिकायतकर्ता के विदेश जाने के लिए जरूरी थी। किसी भी तरह की गैर-कानूनी रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

100% LikesVS
0% Dislikes