वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पूर्वी लद्दाख में टैंक अभ्यास के दौरान एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) सहित 5 सैनिक शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि सेना का रूसी मूल का टी-72 नदी के उफनते पानी में बह गया। इस बात की पुष्टि सेना के एक शीर्ष प्रवक्ता ने की।
अधिकारियों ने आगे की जानकारी देते कहा कि लड़ाकू इंजीनियरों के एक दस्ते द्वारा टैंक चालक दल को बचाने के प्रयास विफल हो गए। पता चला है कि सैनिक दौलत बेग ओल्डी (डीबीओ) में तैनात 52 बख्तरबंद रेजिमेंट के थे, जो चीन के साथ विवादित वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास भारत का सबसे उत्तरी सैन्य अड्डा है।
नाम न बताने की शर्त पर ऊपर उद्धृत अधिकारियों में से एक ने कहा कि 9 सैनिकों वाले बचाव दल ने बीएयूटी (बोट असॉल्ट यूनिवर्सल टाइप) में अपने मिशन का प्रयास किया, लेकिन उफनती नदी में खुद को एक खतरनाक स्थिति में पाकर वापस लौट आया और उन्हें बचाया नहीं सका। नदी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस तरह की क्रॉसिंग अभ्यास के दौरान की जाती है। एक दूसरे अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “घटना का यह मोड़ पूरी तरह से अप्रत्याशित था, क्योंकि ऐसा लगता है कि यह अचानक आई बाढ़ थी।”

