वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को फिर से खेती बाड़ी, पशुपालन और फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी स्थायी संसदीय समिति का अध्यक्ष चुना गया है। इस समिति में लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य हैं। इनमें पंजाब से सांसद हरसिमरत कौर बादल भी शामिल हैं। चन्नी पहले भी इस समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं।
किसानों और खेत मजदूरों के हक में दी गई उनकी रिपोर्ट और सिफारिशों की वजह से उन्हें दूसरी बार यह जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले उन्होंने एमएसपी की कानूनी गारंटी, पराली प्रबंधन पर मुआवजा और किसान निधि योजना में खेत मजदूरों को शामिल करने की सिफारिश की थी। राजनीतिक हलकों में उनकी नई नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस समिति का अध्यक्ष चन्नी को चुने जाने से अब केंद्र सरकार खेती से जुड़े फैसलों में एकतरफा कदम नहीं उठा पाएगी, क्योंकि चन्नी सीधा किसानों और पंजाब की समस्याओं को समिति में उठा सकेंगे।

