SNE NETWORK.CHANDIGARH.

सतनाम सिंह निहंग ने वीडियो जारी कर गैंगस्टर लॉरेंस से मदद मांगी।
पंजाब के निहंग बाबा सतनाम सिंह ने गैंगस्टर लॉरेंस से मदद मांगी है। वीडियो जारी कर सतनाम सिंह ने लॉरेंस से कहा- अपना कोई भी आदमी मेरे पास भेज दो। BJP जॉइन करने के बाद मुझ पर 2 बार हमला हो चुका है। ISI (पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी) से मिले कई सिख मुझे मरवा देना चाहते हैं। सतनाम सिंह ने कहा- मेरे खिलाफ ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि मैं सनातन की बात करता हूं। मैंने भाजपा जॉइन की है। मैं निहंग सिंह बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर का समर्थन करता हूं। इस कारण कई जत्थेबंदियां मेरा विरोध कर रही हैं।
वहीं, निहंग सिंह को धमकी देने वाले निहंग मान सिंह बुड्ढा दल वालों ने लॉरेंस से मदद मांगने पर कहा कि हरजीत सिंह तुम डर गए हो। अब क्यों डर रहे हो? हमने तो पहले ही कहा था कि सही तरीके से चलो। बता दें कि मोगा के चड़िक गांव से संबंधित सतनाम सिंह निहंग रसूलपुर का खुलकर समर्थन करते हैं। बीते दिनों दोनों ने चंडीगढ़ में हुए कथा समारोह में हिस्सा लेकर हवन भी किया था, जिसका भी सिख जत्थेबंदियों ने विरोध किया था।

चंडीगढ़ में हुए धार्मिक समागम में शामिल निहंग रसूलपुर के साथ सतनाम सिंह। – फाइल फोटो
सतनाम सिंह ने वीडियो में ये अहम बातें कहीं…
- सतनाम सिंह ने वीडियो में कहा- मेरी बात लॉरेंस के नाम पर है। लॉरेंस के साथ इस वीडियो के जरिए बात करनी है। वीर लॉरेंस, मुझे और मेरे साथ के सिंहों की जान को इस समय अपने ही सो-कॉल्ड लोगों से जान का खतरा है। सरकार मेरे लाइसेंस बनाकर नहीं दे रही है। सारी सिख जत्थेबंदियां मेरा विरोध कर रही हैं। अगर मैं जिंदा रह गया न, जहां तू कहेगा वहां हम भी सब कुछ करने को तैयार होंगे, पर आज मेरा साथ दे।
- सतनाम सिंह ने कहा- लॉरेंस, अगर तू मेरा साथ दे सकता है तो जरूर दे और टीम का कोई भी बंदा कहीं से भी हमारे साथ कनेक्ट कर। क्योंकि आज मेरे पास कोई भी नहीं है। मैंने BJP भी इसलिए जॉइन की थी कि मेरी और मेरे साथ के सिंहों की सुरक्षा ठीक रहे। मुझ पर 2 हमले हो चुके हैं, और भी हमले होंगे। अब मैं यह चीज बर्दाश्त नहीं करूंगा। मेरा नुकसान हो जाए तो हो जाए, पर मेरे साथ के सिंहों का थोड़ा सा भी नुकसान हुआ तो मैं किसकी-किसकी मां को जवाब दूंगा?
- निहंग ने कहा- लॉरेंस तेरे बंदे मुझे जल्दी से जल्दी कनेक्ट करें। मुझे तेरी बहुत जरूरत है। आज इस पूरे मुल्क में मुझे तेरी जरूरत पड़ी है और मुझे उम्मीद है कि तू जल्द मेरे साथ वीर कनेक्ट करेगा। जितने भी लॉरेंस के ग्रुप के बंदे हैं, उनमें से कोई भी बंदा जल्दी से जल्दी कनेक्ट करे। आपका यह जो एहसान है न, सारी जिंदगी नहीं भूलूंगा मैं। मैं वादा करता हूं, अगर तू एक बार मेरा साथ दे दे। सतनाम सिंह ने कहा- यह वीडियो लॉरेंस के पास पहुंचाओ। लॉरेंस, मुझे बहुत बातों के कारण टारगेट किया जा रहा है और मुझे मारने वाले चेहरे सिखों के ही हैं, लेकिन उन सिखों के दिमाग ISI ने हाईजैक किए हुए हैं। तू वीर मेरा साथ दे सकता है तो मैं तेरा बहुत शुक्रगुजार होऊंगा।

निहंग हरजीत सिंह रसूलपुर भी लॉरेंस की तारीफ कर चुके। – फाइल फोटो
पंजाब के निहंग सिंह हरजीत सिंह रसूलपुर भी गैंगस्टर लॉरेंस की तरीफ कर चुके हैं। उन्होंने लॉरेंस को जी लगाकर संबोधित किया था। उन्होंने पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी और लॉरेंस के विवाद में कहा कि एक पाकिस्तानी इंडियन को कैसे धमका सकता है। रसूलपुर ने कहा था कि लॉरेंस ने एक गोली चलाई तो कितने दिनों तक शहजाद भट्टी को नींद नहीं आई। अब शहजाद भट्टी हमारे नौजवान को धमकी दे रहा है। हमारा नौजवान चाहे गैंगस्टर हो या छोटा-मोटा बदमाश, हमें उस पर गर्व होना चाहिए। रसूलपुर ने यह भी कहा था- मैं लॉरेंस से कहना चाहता हूं कि अपने बंदों को तंग न किया करे।

