चंडीगढ़ बम धमाके की इस आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी…..सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में चेताया….हम रंजीत सिंह की हत्या का लेंगे बदला…जानेंगे, भाजपा का कौन सा बड़ा नेता था इनके निशाने पर…?

BJP-OFFICE-BLAST-IMAGE-2

SNE NETWORK.CHANDIGARH.

भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर के बाहर हुए बम धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने लेने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा गया है कि 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में हुए ग्रेनेड हमले के पीछे वही है। पोस्ट में आगे लिखा गया कि भारतीय सिस्टम चाहे पंजाब के सिख युवाओं के खिलाफ कितने भी कदम उठा ले, इसका जवाब दिया जाएगा। साथ ही धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा गया कि खालसा पंथ उचित प्रतिक्रिया करेगा। गुरदासपुर में रणजीत सिंह की हत्या का जिक्र करते हुए उसके आरोपियों को भी न बख्शने की बात कही गई है। पोस्ट के अंत में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए हैं, जिनमें खालिस्तान के समर्थन और खालसा राज की बात दोहराई गई है।

चंडीगढ़ सेक्टर-37 में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार शाम करीब 4:48 बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके में कार्यालय के बाहर खड़ी कार का शीशा टूट गया। काले रंग की एक एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गई और चहारदीवारी पर 50 से अधिक स्थानों पर छर्रों के निशान देखने को मिले। एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि विस्फोट के लिए क्रूड बम का इस्तेमाल किया गया जिसमें श्रैपनेल और फ्रैगमेंटेशन मटेरियल का प्रयोग किया गया था। उन्होंने बताया कि इससे पहले क्रूड बम का इस्तेमाल पश्चिम बंगाल में एक घटना में किया गया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस घटना के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़ने की आशंका है। इसके अलावा इस हमले को पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी कुमार शर्मा से जोड़कर भी देखा जा रहा है। करीब 15 दिन पहले एसएसपी पठानकोट ने अश्वनी शर्मा को सतर्क रहने और सार्वजनिक स्थानों पर कम जाने की चेतावनी दी थी। घटना से दो दिन पहले तक शर्मा पार्टी कार्यालय में मौजूद थे और बुधवार सुबह ही दिल्ली में एक कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि हमले की साजिश उन्हें निशाना बनाकर रची गई थी।

घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस, पंजाब पुलिस के अलावा एनआईए ने भी जांच तेज कर दी है। पूरे मामले में आतंकी संगठनों, गैंगस्टर नेटवर्क और संभावित स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने चंडीगढ़ और पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने कहा है कि यह एक सुनियोजित हमला हो सकता है जिसके पीछे बड़े नेटवर्क की भूमिका से इन्कार नहीं किया जा सकता। इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


100% LikesVS
0% Dislikes