वरिष्ठ पत्रकार.होशियारपुर।
डेरा बाबा वडभाग सिंह जा रही संगत भयानक हादसे का शिकार हो गई। हादसा, दसूहा-हाजीपुर रोड पर गांव सरिंहपुर मोड़ पर हुआ। पता चला है कि 2 दर्जन के करीब घायल हो गए। 6 की हालत काफी चिंताजनक बताई जा रही है। उन्हें अमृतसर के श्री गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया। हादसा टिप्पर चालक की गलती की वजह से हुआ। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चालक के खिलाफ मामला भी दर्ज हो गया।
पता चला है कि जिला तरनतारन से एक टेंपो ट्रैवलर संगत को लेकर हिमाचल-प्रदेश में स्थित डेरा बाबा वडभाग सिंह लेकर जा रहा था। रास्ते में जब संगत लंगर छकने के लिए रुकी तो पीछे से आ रहे टिप्पर ने टक्कर मार दी। संगत लगभग 50 के करीब सवार थी। आनन-फानन में संगत को सिविल अस्पताल लेकर जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने इलाज आरंभ किया। 6 की हालत अति चिंताजनक होने की वजह से उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया। जबकि, अन्य का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। टिप्पर सहित चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने घायलों के बयान पर टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को इतलाह कर दी।