आदित्य बख्शी. होशियारपुर।
अभी-अभी बहुत बड़ी खबर पंजाब के जिला होशियारपुर से सामने आई। बताया जा रहा है कि यहां पर बहुत भयंकर आग लग चुकी है। आग लगने का कारण एलपीजी गैस से भरे टैंकर का पलटना बताया जा रहा है। हादसा, मंड्यालां स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट से कुछ दूरी पर जालंधर-होशियारपुर हाईवे पर हुआ।

जानिए, हादसे का प्रमुख कारण क्या बना


यहां पर टैंकर एक महिंद्रा पिकअप से टकराकर पलट गया। जिससे टैंकर में से तेजी से गैस लीक हुई और देखते ही देखते आसपास के इलाके में आग फैल गई । आग की चपेट में वहां से गुजर रहे वाहन और आसपास स्थित दुकानें व घर भी आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते आसपास के घरों में रखे कुछ सिलेंडर भी फटे जिससे आग और तेजी से भड़क गई।कई लोग झुलसे
हादसे में आसपास की दुकानों और घरों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग झुलस गए। फिलहाल, इस समय उनकी संख्या का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। घायलों को सिविल अस्पताल होशियारपुर तथा निजी अस्पताल में दाखिल कराया जा रहा है। मौके पर पुलिस तथा सिविल प्रशासन पहुंच चुका है। पता चला है कि स्थानीय निकाय मंत्री रवजोत सिंह भी मौके पर पहुंच चुके है तथा राहत और बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं।

