वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।

दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर ने अपने वकील के जरिए क्रिश्चियन ग्लोबल एक्शन कमेटी को 10 लाख का लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस के जरिए सिद्धू की फैमिली की तरफ से वकील गुरविंदर संधू ने पूछा है कि ये सब किसके इशारे पर किया गया है।उसका नाम बताया जाए। इसके साथ ही 15 दिन के अन्दर उनसे लिखित माफी मांगी जाए। ये माफीनामा को अखबारों में भी पब्लिश किया जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसे अपलोड किया जाए। 10 लाख की राशि चरण कौर को दी जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो वो कमेटी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।
संगठन के सभी सार्वजनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक पेज सहित) पर कम से कम 30 दिनों के लिए माफी की पोस्ट की जानी चाहिए। माफी का मसौदा चरण कौर से पढ़वाए बिना प्रकाशित न किया जाए। आपके एक्शन से चरन कौर को हुई मानसिक पीड़ा, सदमे और उनकी प्रतिष्ठा तथा सार्वजनिक स्थिति को हुए नुकसान के मुआवजे के रूप में 10 लाख रुपए दिए जाएं।
नोटिस में कहा गया है कि अगर 15 दिन में माफी नहीं मांगी और इस माफी को सार्वजनिक तौर पर प्रकाशित न किया तो आपके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा। कोर्ट में केस किया जाएगा। बीएनएस की धारा 356 के तहत क्रिमिनल मुकदमा होगा। क्षतिपूर्ति के लिए सिविल मुकदमा शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस में शिकायत भी दर्ज की जाएगी। इस अपराध के लिए धारा 356(2) के तहत 2 साल की जेल, जुर्माना और सामुदायिक सेवा शामिल है।
बता दें कि जालंधर में कुछ दिन पहले भाना सिद्धू ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी मामले में पास्टर अंकुर नरूला के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में तेजस्वी मिन्हास भी मौजूद थे। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तेजस्वी मिन्हास को पुराने मामले में अरेस्ट कर लिया था। इसके बाद उसे कोर्ट से बेल लेनी पड़ी। अंकुर नरूला के खिलाफ हुए इस प्रदर्शन के विरोध में क्रिश्चन समुदाय ने 10 दिसंबर को डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। इसमें तीन पुतले लाए गए जिनमें एक पर सिद्धू मूसेवाला की मां की फोटो लगी थी।

