वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
पंजाब के जालंधर से बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि 13 साल की बच्ची की हत्या के मामले में परिवार सहित हजारों की संख्या में लोगों ने पूरा जिला बंद कर दिया। सभी ने एकजुट होकर विशाल धरना दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। अब परिवार ने मांग की जिन पुलिस अधिकारियों द्वारा उन्हें धमकाया तथा बच्ची की मौत पर हंस रहे थे, उनके खिलाफ विभागीय तथा कानूनी कार्रवाई की जाए, अन्यथा तब तक उनका धरना लगातार जारी रहेंगा।
जानिए…किन अधिकारियों पर लगा आरोप
इससे पहले शुक्रवार को मृतक बच्ची की मां ने एसीपी गगनदीप सिंह और थाना रामामंडी के एसएचओ मनजिंदर सिंह पर धमकाने के आरोप लगाए थे। शिकायत में बच्ची की मां ने कहा कि डीएसपी गगनदीप सिंह (एसीपी) और एसएचओ मनजिंदर सिंह, जोकि खुद को थाना रामामंडी का एसएचओ बताता था, उसने भी पीड़ित परिवार को डराया-धमकाया कि एएसआई मंगत राम और पुलिस पार्टी के विरुद्ध कोई कार्रवाई करवाने की कोशिश की गई तो आपके परिवार के सरकारी मुलाजिम को खतरा पैदा कर देंगे।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि दोनों अधिकारी उनकी बेटी का मजाक उड़ा रहे थे और भद्दी शब्दावली का इस्तेमाल कर रहे थे। उक्त पुलिस वालों से आज भी खतरा है। पीड़ित मां ने सीपी धनप्रीत कौर को एसीपी और एसएचओ के खिलाफ शिकायत दी है। इतना ही नहीं, पीड़िता ने शिकायत की कॉपी राज्यपाल, डीजीपी, मुख्यमंत्री और महिला आयोग को भी भेजी है। उधर, पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया।

