दर्दनाक सड़क हादसा…सड़क पर बने ऊंचे सीवरेज मैनहोल के कारण एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया, मां और दुधमुंहे बच्चे की मौत

MAIN-HOLE-TRAGEDY-FILE-IMAGE

SNE NETWORK.MOGA.

मोगा के कोटकपूरा बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। इसमें सड़क पर बने ऊंचे सीवरेज मैनहोल के कारण एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। हुआ यह कि अपनी पत्नी और 6 महीने के मासूम बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे व्यक्ति की बाइक सामने ऊंचे मैनहोल आने अचानक असंतुलित हो गई। इस हादसे में मां और उसके दुधमुंहे बच्चे की सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया

मिली जानकारी के अनुसार, गांव चंद नवां निवासी लखबीर सिंह अपनी पत्नी ज्योति और 6 महीने के बेटे मनवीर सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से मोगा आ रहे थे। जैसे ही वे कोटकपूरा बाईपास पर विश्वकर्मा चौक के पास पहुंचे, तो वहां सड़क के बीचों-बीच सीवरेज मैनहोल का ढक्कन सामान्य सड़क के स्तर से काफी ऊपर उठा हुआ था। रफ्तार में होने के कारण लखबीर सिंह की मोटरसाइकिल जैसे ही उस ऊंचे ढक्कन पर चढ़ी, उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। इस झटके से पीछे बैठी ज्योति और उनकी गोद में मौजूद 6 महीने का मनवीर सिंह छिटककर सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों को गंभीर चोटें आईं।

तुरंत एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया

हादसा होते ही मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने 6 महीने के मासूम मनवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया।

दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

वहीं, गंभीर रूप से घायल ज्योति की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन वहां इलाज के दौरान ज्योति ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ मां और बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश

इस दर्दनाक हादसे को लेकर मृतकों के रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मृतक के रिश्तेदार गुरबचन सिंह सहित मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने सीधे तौर पर इस हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बताया है।

मैनहोल को आधा-अधूरा और ऊंचा छोड़ दिया

लोगों का आरोप है कि इस मुख्य सड़क पर मैनहोल को आधा-अधूरा और ऊंचा छोड़ दिया गया है, जिसकी वजह से यहां पहले भी कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अधिकारियों ने समय रहते इसे ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई।

दर्दनाक हादसा भविष्य में किसी और परिवार के साथ न हो

इस बेहद दुखद घड़ी में भी पीड़ितों के परिवार ने कोई कानूनी कार्रवाई या पुलिस केस न करने का फैसला किया है, लेकिन उन्होंने प्रशासन और सरकार से एक भावुक अपील की है। परिवार का कहना है कि जिस तरह लापरवाही के कारण उनके घर का चिराग बुझ गया और दो कीमती जानें चली गईं, वैसा दर्दनाक हादसा भविष्य में किसी और परिवार के साथ न हो। उन्होंने मांग की है कि इस जानलेवा सड़क और ऊंचे मैनहोल को जल्द से जल्द समतल और ठीक करवाया जाए ताकि आगे मासूम जिंदगियों को बचाया जा सके।

###USA###CANADA###PUNJAB###MOGA###PUNJAB-NEWS###CHINA###SWEDEN###@

100% LikesVS
0% Dislikes