SNE NETWORK.TARN-TARAN.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य की परिवहन प्रणाली को हाई-टेक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी (PRTC) की बसों के लिए अत्याधुनिक ‘डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनें’ खरीदने की मंजूरी दे दी है। परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने घोषणा की है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह पारदर्शी, कुशल और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाना है।
भविष्य की ओर बढ़ता पंजाब परिवहन परिवहन विभाग का मानना है कि इस डिजिटल बदलाव से न केवल यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा, बल्कि विभाग की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा। यह कदम पंजाब को डिजिटल इंडिया की दौड़ में आगे ले जाने और सार्वजनिक सेवाओं को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
…..जानिए डिजिटल कार्ड से क्या होगा लाभ
- परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि नई मशीनों के आने से यात्रियों को अब खुले पैसों की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। यात्री बस में चढ़ते ही क्यूआर (QR) कोड, यूपीआई (UPI) और डेबिट/क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान कर अपनी टिकट प्राप्त कर सकेंगे। यह प्रणाली न केवल प्रतीक्षा समय को कम करेगी, बल्कि सरकारी खजाने में राजस्व की प्राप्ति को भी अधिक पारदर्शी बनाएगी।
- इन मशीनों की सबसे बड़ी खासियत इनकी जीपीएस (GPS) कनेक्टिविटी है। इसके माध्यम से बसों की ‘लाइव ट्रैकिंग’ संभव हो सकेगी। यात्री मोबाइल ऐप के जरिए यह जान सकेंगे कि उनकी बस इस समय कहाँ है, पास का बस स्टॉप कितनी दूर है और किस रूट पर कौन सी बस सेवा उपलब्ध है। साथ ही, बसों में सीटों की उपलब्धता की जानकारी भी वास्तविक समय (Real-time) में मिल सकेगी, जिससे यात्रा की योजना बनाना आसान होगा।
- सरकार ने स्पष्ट किया है कि आधुनिकीकरण के इस दौर में भी जनकल्याणकारी योजनाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। पंजाब की महिलाओं को मिल रही मुफ्त बस यात्रा की सुविधा में कोई बदलाव नहीं होगा। महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिन्हें मशीन पर स्कैन करते ही उनकी जीरो-अमाउंट टिकट जेनरेट हो जाएगी। इससे मुफ्त यात्रा का सही डेटा भी सरकार के पास उपलब्ध रहेगा।
- विद्यार्थियों के लिए भी यह नई प्रणाली बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। छात्रों को भी स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे, जिन्हें वे मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन रिचार्ज कर सकेंगे। इससे उन्हें बस पास बनवाने या नवीनीकरण के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम और सस्ती हो जाएगी।

