वरिष्ठ पत्रकार.राष्ट्रीय डेस्क।
जम्मू सेक्टर में गुरुवार शाम को पाकिस्तान से लगी सीमा और लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास 2 संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए। सेना के सूत्रों के मुताबिक, यह ड्रोन नियमित निगरानी के दौरान मंडराते हुए नजर आए। सेना ने ड्रोन से निपटने के लिए जवाबी कार्रवाई की है। पिछले पांच दिनों में ड्रोन दिखने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले, 13 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में दो बार संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे। इसके बाद सेना ने फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की ओर लौट गए थे।
वहीं 11 जनवरी को नौशेरा सेक्टर, धरमसाल सेक्टर, रियासी, सांबा और पुंछ के मनकोट सेक्टर में एक साथ कुल पांच ड्रोन स्पॉट किए गए थे। हालांकि इन घटनाओं में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए LoC पर निगरानी और चौकसी और बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए घुसपैठ या हथियार-नशीले पदार्थ गिराने की कोशिश की जा सकती है।

