वरिष्ठ पत्रकार.राष्ट्रीय डेस्क।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार घुसपैठ को रोक नहीं पा रही है। अगर राज्य में भाजपा सरकार बनी तो यहां परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन में लोग भयभीत हैं। ममता बनर्जी सरकार चुनावी फायदे के लिए बांग्लादेशियों की घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं।
शाह ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में विकास की गंगा बहेगी, क्योंकि टीएमसी के शासन में बंगाल का विकास थम गया है। मोदी सरकार देश में गरीबी का उन्मूलन कर रही है। बंगाल में सभी योजनाएं डेड एंड पर पहुंच गई हैं। शाह के बंगाल दौरे का आज दूसरा दिन है। वे यहां राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पहुंचे हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 तक है। चुनाव मार्च-अप्रैल 2026 में होना लगभग तय है। यहां कुल 294 सीटें हैं, TMC की सरकार है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं।

