वरिष्ठ पत्रकार.अबोहर।
एक स्वीट हाउस से खरीदे गए ढोकले में कॉकरोच निकल आया। इसको लेकर ग्राहक व दुकानदार के बीच विवाद हो गया। ग्राहक का आरोप था कि जब वह ढोकला वापस करने आया तो उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई, वहीं स्वीट शॉप के संचालकों ने ग्राहक पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला, पंजाब के अबोहर की सर्कुलर रोड पर स्थित एक दुकान का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बैंक कर्मी अनिल मक्कड़ ने बताया कि शुक्रवार को उनका रिश्तेदार स्वीट हाउस से ढोकले का डिब्बा खरीदकर ले गया। जब उन्होंने घर जाकर देखा तो ढोकले के ऊपर मरा हुआ कॉकरोच था। जब वे उक्त ढोकले को यहां वापस करने आए तो यहां के दुकान के कर्मचारियों ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की बल्कि कहा कि कई बार ऐसा हो जाता है।
ढोकले का डिब्बा उसके मुंह पर दे मारा
इधर दुकान के कर्मचारी लाडी ने कहा कि उक्त लोग जब ढोकला वापस करने आए तो वह दूसरे ग्राहकों को अटेंड कर रहा था। जब उसने दो मिनट में उनकी बात सुनने को कहा तो उन्होंने बिना कुछ दिखाए ढोकले का डिब्बा उसके मुंह पर दे मारा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना सिटी वन पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सिटी वन की पुलिस मौके पर पहुंची और यहां पर लगे कैमरे की चेकिंग करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी।

