वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
लुधियाना के ईस्टमैन चौक इलाके में 3 अज्ञात ने फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। व्हाइट रंग की वोक्सवैगन कार से उतरे 3 अज्ञात ने पहले एक दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश की। जब वे नाकाम रहे तो साथ वाली दूसरी दुकान का शटर तोड़ दिया और गल्ले से करीब 13 हजार रुपए नकद निकालकर फरार हो गए। पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
CCTV में साफ दिखाई देता है कि एक व्हाइट वोक्सवैगन कार मुख्य सड़क पर आकर रुकती है। कार से सबसे पहले एक युवक उतरता है और बिना देर किए दुकान के शटर पर रॉड जैसा औजार मारकर उसे तोड़ने की कोशिश शुरू कर देता है। थोड़ी ही देर में कार से दो और युवक बाहर आते हैं। तीनों मिलकर पहले एक दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन नहीं टूटने पर वे साथ वाली दूसरी दुकान का शटर तोड़ देते हैं।
इसी दौरान कार को मोड़कर नजदीक खड़ा कर दिया जाता है और शटर तोड़ने के बाद सीधे गल्ले तक पहुंचते हैं और वहां से करीब 13 हजार रुपए की नकदी निकाल लेते हैं। कुछ ही सेकेंड में तीनों वापस कार में बैठते हैं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते हैं। फुटेज में तीनों के चेहरे ढके हुए हैं, लेकिन उनके हाव-भाव और कपड़े साफ दिखाई देते हैं। उधर, पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और कार के नंबरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि कार चोरी की थी या नकली नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस का कहना है कि फुटेज की मदद से बदमाशों को जल्द ट्रेस किया जाएगा।

