वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
पंजाब के लुधियाना में ब्लॉक समिति की जीत का जश्न मना रहे आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के वर्करों में हिंसक झड़प हो गई। AAP नेता जीत के बाद धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता भी वहां एक घर में मौजूद थे। इस दौरान दोनों पक्षों में बहस हो गई। जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर चलाए। इसके बाद कांग्रेस नेता ने अपनी पिस्टल से ताबड़तोड़ सीधी फायरिंग कर दी। जिसमें करीब 5 लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।

AAP ने झड़प के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि इस झड़प और फायरिंग का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक घर के बाहर गुट के साथ कांग्रेस नेता को AAP के वर्कर चैलेंज देते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद उनमें बहस हुई और पहले पथराव और बाद में फायरिंग हुई। इस घटना से गुस्साए AAP के वर्करों ने लुधियाना-मलेरकोटला रोड पर मराडो पुलिस चौकी के पास जाम लगा दिया है। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। AAP से ब्लॉक समिति चुनाव जीते सुखमीत सिंह खन्ना ने कहा- मैंने कल जसदेव नगर से चुनाव जीता। कांग्रेस के गुंडों को यह बात हजम नहीं हुई। इस सीट के लिए राजा वड़िंग उसका परिवार, कुलदीप वैद, उसका परिवार और बैंस ब्रदर्स, सभी ने जोर लगाया, फिर भी हार गए। अब सीधी गोलियां चला रहे। जब तक आरोपियों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। हालांकि करीब एक घंटे बाद कार्यकर्ताओं ने धरना हटा लिया। अब धीरे-धीरे जाम भी खुल रहा है।

1.57 मिनट के वीडियो में दिख रहा है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वर्कर एक दूसरे को ललकार रहे हैं। आम आदमी पार्टी के वर्करों में सबसे आगे हाथ में तलवार लिए निहंग सिंह के बाणे में एक व्यक्ति है। लगातार दोनों गुट एक-दूसरे को धमकियां देते हुए नजर आ रहे है। दोनों गुटों के लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और डंडे नजर आ रहे है। दोनों गुट एक दूसरे को गालियां देने लगे। जब AAP के समर्थक करीब पहुंचे तो सबसे पहले ईंटें कांग्रेस की वर्करों की तरफ से चलाई गई।
जिसके बाद आम आदमी पार्टी के वर्करों ने भी ईंटें बरसाई। आप वर्करों ने कांग्रेसियों को ईंटें मार कर खदेड़ा। तभी अचानक से गोलियां चलने की आवाज आने लगी। क्रीम रंग की जैकेट पहने व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी के वर्करों पर सीधे गोलियां चलाई। फायरिंग कर रहे व्यक्ति की वीडियोग्राफी आप वर्करों ने की।गोलीबारी में अचानक एक गोली बुजुर्ग गुरमुख सिंह के लगी जो जमीन पर गिर गया। जो गोली चला रहा, उसे कांग्रेस नेता जसबीर सिंह बताया जा रहा है। गोली बुजुर्ग को लगने के बाद एक महिला उसे खींचते हुए कहीं ले जाती नजर आई। इस वीडियो में 3 से 4 बार फायरिंग की आवाज सुनी गई।

