वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
नशे के लिए पैसे देने से इनकार करने पर पति ने अपनी पत्नी पर ही गोली चला दी। इस हमले में पत्नी बाल-बाल बची। गोली उसके सिर के ऊपर से निकलकर पीछे दीवार पर जा लगी। मौका देखकर पत्नी वहां से भागी और पड़ोसियों के घर में छिपकर जान बचाई। सूचना मिलने पर थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से गोली का खोल बरामद किया। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास अवैध पिस्टल थी। उसी से फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पीड़िता की सास आशा देवी ने बताया कि गोली उनके बेटे लवप्रीत सिंह ने चलाई है। लवप्रीत पहले शराब बेचने के धंधे में था और जेल भी जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने शराब बेचना तो छोड़ दिया, लेकिन खुद नशे का आदी हो गया। आशा देवी बताती हैं कि लवप्रीत अपनी पत्नी प्रीति और 2 बच्चों के साथ अलग रहता है। सोमवार रात से ही वह नशे के लिए रुपए मांग रहा था और पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। इससे परेशान होकर प्रीति रात को मेरे पास चली आई थी।
मंगलवार दोपहर लवप्रीत रुपए के लिए पत्नी से झगड़ा करने लगा। बहस बढ़ने पर वह अपने घर से एक अवैध पिस्तौल ले आया और पत्नी को जान से मारने की नीयत से उस पर पिस्तौल तान दी। प्रीति ने खुद को बचाने के लिए पड़ोसी के घर की ओर भागने की कोशिश की, तभी लवप्रीत ने गोली चला दी। गोली उसके सिर के ऊपर से गुजर गई और दीवार में जा लगी। उस समय पड़ोसियों के घर के बाहर महिलाएं बैठी थीं, जिन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। प्रीति पड़ोसियों के घर में छिपी रही। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग जमा हो गए, जिसके बाद लवप्रीत मौके से फरार हो गया।

