SNE NETWORK.LUDHIANA.
पंजाब के लुधियाना में एक महिला के साथ धोखाधड़ी, नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक रेप और ब्लैकमेलिंग का केस सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ऋषि पाल सिंह, परजीत सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 5 महीने बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना दुगरी की पुलिस ने BNS की धारा 70,351(2),1 27(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों ने 10 प्रतिशत ब्याज पर पहले दिए थे पैसे
पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान पहले ऋषि पाल सिंह से हुई थी। आर्थिक मदद की जरूरत बताने पर ऋषि पाल ने उसे परजीत सिंह से मिलवाया, जिसने 10 प्रतिशत ब्याज पर 2 लाख 70 हजार रुपए उधार दिए। महिला ने समय पर रकम लौटा दी थी, जिससे आरोपियों ने उसका विश्वास जीत लिया। 13 अगस्त 2025 को ऋषि पाल ने महिला को शनि मंदिर के पास अपने कार्यालय में बुलाया, जहां परजीत सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे। आरोप है कि वहां तीनों ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। आरोपियों ने इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना ली।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
होश में आने पर आरोपियों ने महिला से जबरन ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित दस्तावेज ले लिए और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।

