वरिष्ठ पत्रकार.खन्ना.लुधियाना।
पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश की टांग में गोली लग गई। पुलिस ने उसे काबू कर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भर्ती कराया हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान इंद्रजीत सिंह बुई के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच पड़ताल में सामने आया कि कथित अपराधी ने पिछले समय पंचायत सदस्य को गोली मारी थी। पुलिस की नजर में वह एक वांछित था। किस गैंग से जुड़ा हुआ था, पुलिस जांच में जुट चुकी है। उसके खिलाफ स्थानीय पुलिस ने अलग से एक और मामला दर्ज कर लिया। मामला, खन्ना के दौराहा क्षेत्र से जुड़ा हुआ बताया जा रहा हैं।
जानकारी के मुताबिक 24 दिसंबर की रात दोराहा के गांव राजगढ़ में पंचायत सदस्य मनप्रीत सिंह गोल्डी पर फायरिंग की गई थी। इस हमले में करीब आठ राउंड गोलियां चलाई गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने इंद्रजीत सिंह बुई और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि इंद्रजीत सिंह बुई अपने दो साथियों के साथ दोराहा में केएफसी के पीछे स्थित एक सुनसान कॉलोनी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जब पुलिस की गाड़ियां कॉलोनी में पहुंचीं तो आरोपी एक घर की दीवार फांदकर भागने की कोशिश करने लगे।
बताया जा रहा है कि घेराबंदी के दौरान इंद्रजीत सिंह बुई आगे की ओर भागा, जहां दोराहा थाना के एसएचओ आकाश दत्त अपनी टीम के साथ पहले से ही मोर्चा संभाले खड़े थे। पुलिस को देखते ही आरोपी ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी, जिसमें दो गोलियां पुलिस की गाड़ी को लगीं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान इंद्रजीत सिंह की टांग में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर पहुंचे एसएसपी खन्ना डॉ. ज्योति यादव बैंस ने बताया कि इंद्रजीत सिंह के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर हत्या के प्रयास, लूट और फायरिंग जैसे आरोप हैं और वह चार मामलों में पुलिस को वांछित था। एसएसपी ने बताया कि इस केस में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

