SNE NETWORK.NABHA/PATIALA.
पटियाला के ब्लॉक नाभा में रिश्तों का कत्ल हुआ है। गांव जस्सोमाजरा में खून के रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात हुई है। यहां बड़े भाई ने छोटे भाई की तेजधार हथियार से बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान संदीप सिंह उर्फ दीपू (32) के रूप में हुई है।
हत्या की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची भादसों पुलिस ने मृतक के माता-पिता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। मृतक संदीप सिंह अविवाहित था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। जबकि आरोपी बड़ा भाई परविंदर सिंह विवाहित है, जो माता-पिता से अलग अपने परिवार के साथ रहता है।
मां दर्शना देवी और पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि उनका छोटा बेटा संदीप सिंह बीती रात अपने बड़े भाई परविंदर सिंह के घर गया था। अभी वह उसके लौटने का इंतजार कर ही रहे थे कि इसी दौरान उनका बड़ा बेटा परविंदर सिंह नंगे पैर दौड़ता हुआ आया और कहने लगा कि कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला करके संदीप को मार दिया है। माता-पिता को परविंदर सिंह की बात पर बिल्कुल भी यकीन नहीं हुआ, क्योंकि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। बाद में उन्हें पता चला कि उनके ही बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई का कत्ल किया है। परविंदर सिंह शराब पीने का आदी है और अकसर लड़ाई-झगड़ा करता रहता था। मां दर्शना देवी ने बताया कि संदीप सिंह उनका इकलौता सहारा था।
गांव जस्सोमाजरा के सरपंच ने कहा कि यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह हत्या क्यों हुई है और किसने की है, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। संबंधित थाना भादसों के एसएचओ गुरनाम सिंह ने कहा कि यह घटना मंगलवार देर रात की है और माता-पिता के बयानों के आधार पर मामले में बड़े भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

