BREAKING NEWS…..वांछित अपराधी की सैर के दौरान सिर में गोली मारकर हत्या

CRIME-MURDER-SCENE

SNE NETWORK.LUDHIANA.

लुधियाना में उस समय सनसनी फैल गई, जब जमालपुर स्थित ग्रीन पार्क में वांछित अपराधी की सैर के दौरान सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक उसके साथ दो युवतियां भी मौजूद थीं। इसी दौरान स्कूटी पर आए तीन हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना जमालपुर के ग्रीन पार्क में शाम करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई। मृतक की पहचान प्रदीप बिल्ला निवासी राम नगर भामियां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रदीप बिल्ला के खिलाफ पहले से 5 से 6 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई मामलों में वांटेड चल रहा था। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्क में अचानक पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। लोगों ने देखा तो एक युवक जमीन पर गिरा पड़ा था और उसके सिर से खून बह रहा था। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जमालपुर थाने के एसएचओ सब इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पास भी रिवॉल्वर बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर हमलावरों और मृतक के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गोली चलाई गई। गोली प्रदीप बिल्ला के सिर के दाईं ओर से लगी और बाईं ओर से बाहर निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग के बाद मृतक के साथ मौजूद दोनों युवतियां मौके से फरार हो गईं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही मृतक के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी किन लोगों से रंजिश थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

100% LikesVS
0% Dislikes