वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
लंगर खाने से 70 के करीब संगत बीमार हो गई हैं। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि बुधवार को मकर संक्रांति के अवसर पर गुरुद्वारा में लंगर तैयार किया गया था। श्रद्धालुओं के लिए लंगर में गाजर का हलवा परोसा गया। गाजर का हलवा खाने से सभी लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
हलवा खाने के कुछ देर बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हो गई। कुछ लोगों को तो चक्कर भी आने लगे। आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं मामले की जांच की जा रही है कि आखिर गाजर के हलवे में ऐसा क्या मिलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग बीमार हो गए। घटना लुधियाना के गांव अय्याली कलां की है।
सूचना मिलने के बाद सेहत विभाग की टीम और थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सेहत विभाग की टीम ने गुरुद्वारा साहिब के पदाधिकारियों से बातचीत की और जानकारी हासिल की कि गाजर हलवे के लिए सामान कहां कहां से लाया गया था ताकि वहां चेकिंग की जा सके। पुलिस भी जांच में जुटी है कि किसकी लापरवाही के कारण यह हुआ।

