राणा बलाचौरिया हत्याकांड में बड़ा खुलासा……अक्टूबर से हत्या की रची जा रही थी साजिश…. 2 बार रहे नाकाम….तीसरी बार जाकर वारदात को देने में रहे थे कामयाब…..फिर फरार हो गए थे कोलकाता

DONI-BAL-WITH-RANA-IMAGE

वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़। 

कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया के 3 हत्यारोपियों को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। उनकी गिरफ्तारी कोलकाता से हुई थी।  इस मामले में पुलिस अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। सेक्टर-79 सोहाना में 15 दिसंबर 2025 को कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हत्या के बाद आरोपी कोलकाता भाग गए थे। इससे पहले राणा बलाचौरिया की हत्या करने की 2 साजिश नाकाम हो चुकी थी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बुधवार को प्रेसवार्ता में खुलासा किया कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों बलविंदर सिंह उर्फ डॉनी बल और अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा के इशारों पर काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक उर्फ करण डिफॉल्टर (23) निवासी निमाल मंडी अमृतसर (मूल निवासी उत्तर प्रदेश) शामिल है। उसने आदित्य उर्फ मक्खन के साथ मिलकर राणा बलाचौरिया पर फायरिंग की थी।

दूसरा आरोपी तरनदीप सिंह (25) निवासी गांव बुडेवाल लुधियाना वारदात के समय मोटरसाइकिल के साथ मौके पर मौजूद था। उसने वारदात के बाद शूटरों को फरार कराने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। तीसरा आरोपी सुखशेरपाल सिंह उर्फ आकाश उप्पल (22) निवासी गांव उप्पल तरनतारन साजिश और रेकी में अहम भूमिका निभाने वाला बताया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह गैंगस्टर अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा का रिश्तेदार है। गिरफ्तार 3 आरोपियों में 2 शूटर भी शामिल हैं। एसएसपी हंस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त विशेष टीमें गठित की गई थीं, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को ट्रैक कर कोलकाता से दबोचा।


जांच में खुलासा हुआ है कि राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश अक्टूबर 2025 में रची गई थी। इसके बाद आरोपी चंडीगढ़, कालका, जीरकपुर और खरड़ के विभिन्न होटलों में ठहरते रहे और मौके की रेकी करते रहे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी विदेश से संचालित गैंग के लिए शूटर के तौर पर काम करते थे। हत्या व फिरौती की वारदातों को अंजाम देते थे। इससे पहले पुलिस ने अशदीप सिंह निवासी गांव नौशहरा पन्नुआं जिला तरनतारन, जुगराज सिंह उर्फ जग्गा निवासी छापांवाली जिला अमृतसर, मनदीप सिंह उर्फ मोटा निवासी मीराकोट चौक खैराबाद रोड जिला अमृतसर, देवेंद्र सिंह उर्फ टिंका निवासी महादेव कॉलोनी जिला पंचकूला हरियाणा, गगनदीप सिंह उर्फ करन सोहल निवासी वडाला कॉलोनी जालंधर को गिरफ्तार किया था। हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डी निवासी जिला तरनतारन लालड़ू क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। एसएसपी ने बताया कि राणा बलाचौरिया की हत्या करने वाला शूटर आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और उसके कुछ सहयोगी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

100% LikesVS
0% Dislikes