वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
बिचौलिए कृष्णु शारदा की सीबीआई अदालत से 9 दिन की न्यायिक हिरासत मिल चुकी है। बुधवार को सीबीआई अधिकारियों द्वारा उसे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया। वह इस समय चंडीगढ़ की केंद्रीय बुड़ैल जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि सीबीआई लगभग 2 सप्ताह की रिमांड की मांग की थी, जिसे अदालत ने नामंजूर कर दिया। वह पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर का बिचौलिया था।
सीबीआई का अगला प्लान क्या है…. ?
सूत्रों के अनुसार सीबीआई कृष्णु के जरिए उन अफसरों तक पहुंचना चाहती है जो रिश्वत के इस नेटवर्क से जुड़े हैं। जांच एजेंसी ने अदालत से आग्रह किया था कि बुड़ैल जेल में कृष्णु से मिलने आने वाले सभी लोगों का रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखे जाएं। अदालत ने यह मांग मंजूर करते हुए जेल प्रशासन को आदेश जारी कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार कृष्णु शारदा से उसके परिजनों के अलावा कुछ अन्य लोग भी मिलने पहुंचे थे, जिससे सीबीआई को शक है कि ये लोग मामले से जुड़े हो सकते हैं। एजेंसी अब उन सभी का डेटा खंगालने की तैयारी में है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक एजेंसी को कृष्णु से पूछताछ के दौरान कई नई जानकारियां मिली हैं। सूत्रों ने बताया जांच में सामने आया है कि वह पंजाब के कई बड़े अधिकारियों के लिए उगाही का काम करता था। इसी कड़ी में अब कई अन्य आईपीएस अधिकारी भी सीबीआई के रडार पर हैं।

