वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
रिश्वत मामले में पकड़े पंजाब के पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर को CBI ने 5 दिन की रिमांड पर लिया है। शनिवार को सुनवाई के दौरान चंडीगढ़ CBI कोर्ट ने इसकी मंजूरी दी। शुक्रवार को CBI की तरफ से पूर्व DIG को रिमांड पर लेने के लिए अर्जी दायर की गई थी। भुल्लर के वकील एचएस धनोहा और आरपीएस बारा ने इसका विरोध किया। लेकिन सीबीआई ने तर्क देते हुए कहा कि उन्हें और सबूत इकट्ठा करने हैं।
इससे पहले शुक्रवार को भी विजिलेंस ने भी आय से अधिक संपत्ति मामले में भुल्लर को प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए मोहाली कोर्ट में याचिका लगाई। जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी। मोहाली कोर्ट ने सीबीआई को रिप्लाई देने के लिए कहा है। विजिलेंस ने 31 अक्टूबर को भुल्लर पर केस दर्ज किया था।
वहीं CBI के वकील ने कहा कि विजिलेंस ने सिर्फ आए से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है। प्रॉपर्टी की जांच करने के लिए रिमांड क्या करना, वो जब चाहे आकर पूछताछ कर सकती है। विजिलेंस की याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी। चंडीगढ़ कोर्ट में पेशी के दौरान भुल्लर की बेटी भी मौजूद रही। कोर्ट से बाहर निकलते समय भुल्लर ने बेटी को गले लगाया और कुछ देर बात की। इसके बाद उन्हें नीचे कोर्ट के बक्शी खाने में ले जाया गया।
CBI ने भुल्लर पर 29 अक्टूबर को आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। ये केस चंडीगढ़ CBI की इंस्पेक्टर सोनल मिश्रा की शिकायत पर दर्ज किया गया। मामले की जांच चंडीगढ़ CBI के अधिकारी कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। शिकायत में लिखा गया कि भुल्लर ने अज्ञात व्यक्तियों से मिलीभगत कर अपनी आय से अधिक संपत्ति जुटाई। भुल्लर अपने सोर्स से अधिक संपत्ति का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।

