वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब में इस समय सबसे घनी धुंध पड़ी हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने 18 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। फरीदकोट और मोगा में सुबह घना कोहरा रहा। बठिंडा में सुबह के समय दृश्यता मात्र 10 मीटर और अमृतसर में 50 मीटर रही। मुक्तसर जिले में घने कोहरे की वजह से हुए विभिन्न हादसों में एक कंप्यूटर शिक्षक की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को मलोट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने की वजह से उसे रेफर कर दिया गया है।
...जानिए, किस क्षेत्र में कितना रहा तापमान
अमृतसर का न्यूनतम पारा 7.5 डिग्री, लुधियाना का 6.0 डिग्री, पटियाला का 10.3 डिग्री, पठानकोट का 9.1 डिग्री, होशियारपुर का भी 9.1 डिग्री व गुरदासपुर का 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इससे यह सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर हो गया है। सबसे अधिक 26.7 डिग्री का तापमान समराला का दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री, लुधियाना का 24.8 डिग्री, पटियाला का भी 24.8 डिग्री, पठानकोट का 23.7 डिग्री, बठिंडा का 25.0 डिग्री, गुरदासपुर का 21.8 डिग्री, एसबीएस नगर का 25.0 डिग्री दर्ज किया गया।

