वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने डॉ. नवजोत कौर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। राजा वड़िंग ने नवजोत कौर की प्राइमरी मेंबरशिप को सस्पेंड करने का दो लाइन का ऑर्डर जारी किया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। इस आदेश में सस्पेंशन की कोई वजह नहीं बताई गई।

नवजोत कौर कुछ दिनों से पंजाब कांग्रेस के बड़े नेताओं को लेकर डायरेक्ट बयानबाजी कर रही थीं जिसका पार्टी के अंदर भी विरोध हो रहा था। नवजोत कौर को जवाब देने के चक्कर में पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेसी सांसद सुखजिंदर रंधावा तो उनके पति नवजोत सिद्धू के पिता तक पहुंच गए। रंधावा ने पूछा- नवजोत कौर बताएं कि उनके पति कितना पैसा देकर मंत्री बने थे।

सस्पेंशन के बाद नवजोत कौर ने X पर राजा वड़िंग के बूटा सिंह पर दिए गए बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा- मैं एक असंवेदनशील, गैर-जिम्मेदार, नैतिक रूप से बेईमान और भ्रष्ट अध्यक्ष के साथ खड़ा होने से इनकार करती हूं। मैं अपने सभी भाइयों और बहनों के साथ खड़ी हूं, जिन्हें उसकी नाकामी और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से चोट पहुंची है। मैं उन्हें प्रधान के रूप में स्वीकार करने से इनकार करती हूं। मुझे समझ नहीं आता कि मुख्यमंत्री उन्हें क्यों बचा रहे हैं। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा- पंजाब में झाड़ू (आम आदमी पार्टी) बिखरने से पहले कांग्रेस बिखर गई।
इससे पहले CM कुर्सी के लिए 500 करोड़ की अटैची देने के बयान पर बवाल मचते देखकर नवजोत कौर ने सोमवार सुबह यूटर्न ले लिया था। नवजोत ने सोशल मीडिया पर लिखा- मैं यह देखकर हैरान हूं कि हमारे सीधे-साधे बयान को कैसे गलत मोड़ दिया गया। मैंने तो सिर्फ इतना कहा था कि हमारी कांग्रेस पार्टी ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब मुझसे पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री का चेहरा बन सकते हैं, तो मैंने कहा था कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के बदले देने के लिए कोई पैसा नहीं है। ध्यान से सुनें।
नवजोत कौर के पैसे देकर मंत्री बनने से जुड़े दावे का जवाब देते हुए पंजाब के पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा सिद्धू और उनके पिता तक पहुंच गए। रंधावा ने नवजोत कौर से पूछा- आपके पति ने कांग्रेस सरकार में नंबर टू मिनिस्टर बनने के लिए कितने रुपए दिए? पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनने के लिए कितने रुपए दिए? सिद्धू के पिता भी पंजाब में एडवोकेट जनरल (AG) बने थे। क्या वो भी पैसे देकर बने? रंधावा ने कहा कि कांग्रेस को किसी और से नहीं बल्कि इन जैसे लोगों से ही खतरा है। साढ़े 3 साल तक कांग्रेस का वर्कर डंडे खाता रहा, अब चुनाव नजदीक आते ही ये लोग इस तरह की बातें करने लगे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- पंजाब कांग्रेस के नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने गंभीर आरोप लगाया है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का पद कम से कम 500 करोड़ रुपए अटैची में देने पर ही संभव है। यह आरोप नया नहीं है।
नवजोत कौर के बयान के बाद पंजाब में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कल, रविवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि कांग्रेस में एक मुख्यमंत्री ने 350 करोड़ रुपए देकर CM की कुर्सी ली थी। कांग्रेस ने डाकू बैठाए हैं। जिस बीबा जी ने कहा था कि पंजाब में हिंदू मुख्यमंत्री नहीं बन सकता, जिसने 300 से 500 करोड़ लिए, सब कांग्रेस में बैठे हैं।

