वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
हरियाणा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि वह पंथक प्रत्याशियों का समर्थन करेगी। पंजाब की 2 सीट है, जिनमें 2 प्रत्याशियों को सिखों की संस्था द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। इनमें सबसे खास सीट है खडूर साहिब की, यहां से खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह डिब्रूगढ़ जेल से निर्दलीय चुनाव लड़ रहा है। इस बात की पुष्टि, कमेटी के प्रवक्ता कवलजीत अजराना ने गुरुवार को यह बात कही।

उन्होंने कहा कि फरीदकोट लोकसभा सीट पर शहीद बेअंत सिंह के बेटे भाई सरबजीत सिंह चुनाव मैदान में आए हैं। बेअंत सिंह ने अपने परिवार की जान की परवाह न करते हुए सिख कौम पर हुए अत्याचार का बदला लेने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उसके कर्मों की सजा दी। हालांकि उन्हें इसके अंजाम का पता था। आज सिख पंथ को अपने उस शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि देने का समय आया है। इसलिए वहां की जनता को भाई सरबजीत सिंह के पक्ष में मतदान करना चाहिए। अजराना ने कहा कि श्री खडूर साहिब लोकसभा सीट के प्रत्याशी अमृतपाल सिंह का समर्थन भी हरियाणा कमेटी ने किया है। अमृतपाल सिंह ने विदेश में उज्जवल भविष्य को त्याग कर पंजाब में पनप रहे नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने पंजाब के युवा वर्ग को नशे से बचाने के लिए जो कार्य किया, उसके बदले में उन्हें जेल में बंद कर दिया गया।

