वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में स्टूडेंट्स ने कल (26 नवंबर) को यूनिवर्सिटी बंद की कॉल दे दी हैं। मंगलवार देर शाम स्टूडेंट्स गेट नंबर 2 को बंद कर धरना लगाकर बैठ गए हैं। इस गेट से यूनिवर्सिटी के अंदर ज्यादा आवाजाही होती है। कल ही पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के सीनेट इलेक्शन की तारीखों का ऐलान न होने पर स्टूडेंट्स ने भी प्रदर्शन का ऐलान किया है।

उन्होंने पंजाब के 200 कॉलेजों के छात्रों को चंडीगढ़ पहुंचने की अपील की है। इसे देखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी में छुट्टी कर दी गई है। बुधवार को होने वाली परीक्षा के केंद्र में भी बदलाव किया गया है। यह सूचित किया जाता है कि पंजाब विश्वविद्यालय परिसर, चंडीगढ़ के सभी शिक्षण/गैर-शिक्षण विभाग/कार्यालय बुधवार, 26 नवंबर, 2025 को बंद रहेंगे।
वहीं कल (26 नवंबर) चंडीगढ़ में 10 हजार किसान पहुंचेंगे। दिल्ली आंदोलन को 5 साल पूरे होने पर पेंडिंग मांगों को लेकर वे सेक्टर 43 स्थित दशहरा ग्राउंड में प्रदर्शन करेंगे। इसे देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर में 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। लोग जाम में न फंसे, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। लोगों को अपील की गई है कि वह जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
किसान नेताओं के मुताबिक केंद्र सरकार ने 2020-21 में हुए किसान आंदोलन की कुछ मांगों को केंद्र ने अभी तक पूरा नहीं किया है। जिनमें सबसे बड़ी MSP की गारंटी का कानून है। इसके अलावा बिजली बिल भी रद्द नहीं हुआ। चंडीगढ़ पुलिस ने किसानों की रैली को देखते हुए रैली स्थल के आस पास की सड़कों पर ट्रैफिक को डायवर्ट या प्रतिबंधित किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की सूचना के मुताबिक इससे जन मार्ग, जिसमें कजहेड़ी चौक (सेक्टर 42/43-52/53) से सेक्टर 42/43 छोटा चौक तक, अटावा चौक (सेक्टर 35/36/42/43) तक और सेक्टर 43 में सेक्टर 43/44 लाइट प्वाइंट से ज्यूडिशियल अकादमी लाइट प्वाइंट से सेक्टर 42/43 छोटे चौक तक वी-4 रोड पर ट्रैफिक पर असर पड़ेगा।

एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि हमने सभी प्रबंध कर लिए हैं। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति के निपटने के साथ साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए प्लान जारी किया जाएगा। शहर निवासियों से भी उनकी तरफ से सहयोग की मांग की गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से 25 नवंबर तक का समय पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा से समय लिया था। मोर्चा की तरफ से 26 नवंबर को यूनिवर्सिटी का पूर्ण तौर पर बंद करने का ऐलान किया हुआ है। इससे पहले भी यूनिवर्सिटी में बंद की कॉल दी जा चुकी है।
बुधवार को होने वाले इस प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी में एक बार फिर प्रदर्शन में प्रदेश भर से स्टूडेंट और अलग अलग संगठनों के सदस्य पहुंचेंगे और प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। बता दें कि वाइस चांसलर रेनू विज की तरफ से सीनेट चुनाव करवाने की लिए मंजूरी चांसलर व उपराष्ट्रपति से मंजूरी के लिए लिखा गया है, मगर इसके लिए मंजूरी नहीं मिल सकी है।

