वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
नशे में धुत चंडीगढ़ पुलिस के सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) ने वन वे रोड पर गलत साइड से कार घुसा दी। इसके बाद वह ओवरस्पीड से कार चलाने लगा। जिससे उसकी चपेट में करीब 10 गाड़ियां आ गईं। ASI की इस हरकत की वजह से कई लोगों को चोटें लगीं। इस दौरान एक स्कूल बस से टकराकर उसकी कार रुकी तो लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद भी गलती मानने के बजाय वह बदतमीजी करते हुए हंगामा करने लगा। यह देखकर लोगों ने उसकी वीडियो बना ली और इसे वायरल करने के साथ पुलिस को शिकायत कर दी। इस मामले में अभी चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से ASI दलजीत सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
चश्मदीदों के मुताबिक बर्ड वाला से कैंबवाला की सिंगल रोड पर नशे में धुत एएसआई दिलजीत ने अपनी बेकाबू कार दौड़ाई। कार ने 500 मीटर के दायरे में रास्ते में आने वाली गाड़ियों, बाइक को टक्कर मारी। कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद आखिर में एएसआई की कार ने एक स्कूल बस को सामने से हिट किया, जिससे कार रुक गई। हादसे में कई लोग गंभीर घायल हो गए हैं। कुछ को हल्की चोटें आईं।
इस टक्कर में एएसआई की कार का शीशा टूट गया और उसके चेहरे पर चोट लगी। गनीमत यह रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई पैदल यात्री या साइकिल सवार नहीं था। स्कूल बस से टक्कर के बाद आसपास के लोगों ने एएसआई को घेर लिया और फिर उससे कई सवाल पूछे। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर शिकायत की गई।

