EXCLUSIVE-REPORT…कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस का दावा….. कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस भारत सरकार के लिए कर रहा काम

LAWRENCE BISHONI BY SNE NEWS IMAGE (FRESH IMAGE)

एडिटर-इन-चीफ विनय कोछड़.चंडीगढ़ कनाडा.

कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस को लेकर दावा किया है कि वह भारत सरकार के लिए काम कर रहा है। इस संबंध में कनाडा की ग्लोबल न्यूज ने RCMP की गोपनीय रिपोर्ट के 3 पन्ने जारी किए हैं। इनमें कई जगह लॉरेंस गैंग के भारत सरकार से संबंधों का जिक्र किया गया है। RCMP की राष्ट्रीय सुरक्षा शाखा की तैयार की गई इस रिपोर्ट में लॉरेंस गैंग को हिंसक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन करार दिया है। जो कनाडा समेत कई देशों में बढ़ रहा है।


यह रिपोर्ट ऐसे वक्त पर सामने आई है, जब कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं। वह खुद भी भारत आ सकते हैं। हालांकि, कनाडा के सिख संगठन इसका विरोध कर रहे हैं।


रिपोर्ट में क्या-क्या दावे…?


RCMP के अनुसार, लॉरेंस गैंग किसी राजनीतिक या धार्मिक विचारधारा से नहीं, बल्कि लालच से प्रेरित होकर काम करता है। यह गैंग उगाही, ड्रग तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसे अपराधों में लिप्त है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, यह गैंग अपने आपराधिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करता है और भारत सरकार की ओर से काम करता है।


RCMP की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत सरकार के एजेंट कनाडा में खालिस्तान समर्थक नेताओं को निशाना बनाने के लिए लॉरेंस गैंग जैसे संगठित अपराध गिरोहों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सितंबर 2023 में मैनिटोबा के विनिपेग में मारे गए सुखदूल सिंह की हत्या का भी जिक्र रिपोर्ट में है। RCMP के अनुसार, इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी।


RCMP की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉरेंस गैंग की शुरुआत भारत के पंजाब में छात्र राजनीति से हुई थी। इस गैंग का सरगना लॉरेंस बिश्नोई 2015 से भारत में जेल में बंद है। इसके बावजूद वह जेल से ही गैंग को ऑपरेट कर वारदात करवा रहा है।इस रिपोर्ट में कोई तारीख नहीं है। मगर, इसमें ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबे के 17 जून, 2025 के उस बयान का जिक्र है जिसमें उन्होंने सरकार से लॉरेंस गैंग को आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया था। एबे ने 12-17 जनवरी को ट्रेड मिशन इंडिया की शुरुआत की थी, उसी दौरान यह रिपोर्ट भी इंटरनल तौर पर सर्कुलेट की गई है।


RCMP की रिपोर्ट में 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में मारे गए खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का भी जिक्र किया गया है। निज्जर को भारत सरकार ने आतंकी घोषित कर रखा था। निज्जर की हत्या के 3 महीने बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संसद में कहा था कि कनाडा भारतीय सरकारी एजेंटों की संभावित भूमिका की जांच कर रहा है। मई 2024 में इस मामले में चार संदिग्ध शूटर गिरफ्तार किए गए थे। वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कनाडा के प्रवक्ता बलप्रीत सिंह ने कहा, RCMP और कनाडा सरकार को यह पूरी तरह से पता है कि लॉरेंस गैंग कनाडा में व्यक्तियों को निशाना बनाने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए इस वास्तविकता को नजरअंदाज किया जा रहा है और छिपाया जा रहा है।


करीब 3 महीने पहले कनाडा सरकार ने भारत में एक्टिव लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित कर दिया था। जिसमें कहा गया कि यह गैंग सिर्फ भारत में ही नहीं, कनाडा में भी क्राइम कर रहा है। कनाडा के पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्टर गैरी अनंदसंगरी ने कहा था कि हिंसा और आतंक का कनाडा में कोई स्थान नहीं है, विशेष रूप से वे जो किसी विशेष समुदाय को डर के माहौल में रखने के उद्देश्य से किए जाते हैं। इसके चलते लॉरेंस गैंग को कनाडा के क्रिमिनल कोड के तहत आतंकवादी संगठन करार दिया जाता है।

100% LikesVS
0% Dislikes