SNE NETWORK.CHANDIGARH.
मस्जिद में शूट किए गए सीन को लेकर विवाद के बाद अभिनेत्री सोनम बाजवा, निर्माता बलजिंदर जंजुआ एवं पूरी फिल्म यूनिट ने मुस्लिम समुदाय से लिखित में माफी मांगी है। शाही इमाम पंजाब मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी की मौजूदगी में अभिनेत्री व निर्माताओं ने माफी मांगी।
…जानिए, क्या था पूरा मामला
बीते दिनों फतेहगढ़ साहिब स्थित मस्जिद भगत सदना कसाई में फिल्म की शूटिंग किए जाने पर मुस्लिम समुदाय ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद सोमवार को फिल्म टीम ने नगर कौंसिल गोबिंदगढ़ के प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस की मध्यस्थता से मुलाकात कर खेद प्रकट किया।
फिल्म टीम ने भरोसा दिया कि मस्जिद में शूट हुआ सीन फिल्म से हटाया जाएगा और भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल पर शूटिंग करते समय सावधानी रखी जाएगी ताकि किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।
…समझें…इस रिपोर्ट में किस-किस समुदाय ने जताया था विरोध
इससे पहले मस्जिद भगत सदना कसाई में कथित बेअदबी के आरोपों को लेकर मुस्लिम और सिख जत्थेबंदियों ने विरोध दर्ज कराया था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने मस्जिद सदना कसाई परिसर में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। सिख और मुस्लिम जत्थेबंदियों ने फतेहगढ़ साहिब के एसएचओ को लिखित शिकायत भी थी। संगठनों ने आरोप लगाया था कि मस्जिद में कभी भी फिल्म की शूटिंग नहीं हो सकती यह धार्मिक मर्यादा के उलट है।

