SNE NETWORK/AMRITSAR/JALANDHAR/CHANDIGARH.

धमाके के समय एक युवक मौके पर मौजूद था, जो जान बचाकर भागता दिखा। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)
जालंधर की तरह अमृतसर में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के सामने मंगलवार रात धमाका हुआ। दोनों में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। गनीमत यह रही कि इन दोनों धमाकों में किसी को चोट नहीं लगी है।जालंधर में हुए धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने एक पोस्ट शेयर कर ली है। हालांकि, पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही। पोस्ट में लिखा है कि डीआईजी संदीप गोयल और उनका परिवार टारगेट पर है। इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा।
जालंधर में पीएपी चौक के पास रात 7:57 बजे स्कूटी के पास धमाका हुआ। सूत्रों के मुताबिक, एक आतंकी पीएपी चौक की ओर से रॉन्ग साइड से पैदल आता दिखा। वह सीधे उस स्थान तक पहुंचा, जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने पॅलीथीन में लिपटा पैकेट वहां छोड़ा और बस अड्डे की ओर दौड़ लगा दी। इसके कुछ सेकेंड में धमाका हो गया।
एजेंसियों को आशंका है कि आगे उसका साथी इंतजार कर रहा था और वह किसी वाहन में बैठकर भाग गया। फोरेंसिक टीम को मौके से बम के फटे हिस्से मिले हैं। आज CM भगवंत मान जालंधर आने वाले हैं। उससे पहले यह वारदात हो गई। वहीं, अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर खासा के गेट नंबर 5 और 6 के बाहर भी रात करीब 11 बजे धमाका हुआ।
एजेंसियां मामलों की जांच में जुट गई है। जालंधर में धमाका जिस एक्टिवा में हुआ वह बीएसएफ के पूर्व जवान कश्मीर सिंह (गांव गढ़ा) की है। उनका इकलौता बेटा गुरप्रीत सिंह कूरियर बॉय का काम करता है। वह रात को एक्टिवा खड़ी कर हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल देने गया था। गुरप्रीत को पुलिस ने बीएसएफ हेडक्वार्टर में हिरासत में ले लिया है।

धमाके के बाद जलती स्कूटी, जांच करती टीम और जानकारी देती हुईं जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)
पोस्ट में ये बातें लिखीं…
पोस्ट में लिखा है- 5 मई 2026 को रात 8 बजे पंजाब में जालंधर के फ्रंटियर हेडक्वार्टर BSF एक IED हमला किया गया। KLA (खालिस्तान लिबरेशन आर्मी) आज हमले की जिम्मेदारी लेती है, जिसके दौरान 2 बीएसएफ सिपाही मारे गए और 3 जख्मी हो गए। यह हमला ऑपरेशन नवा सवेरा का हिस्सा है, जो कि तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारे भाई शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला पूरा नहीं होता और खालिस्तान आजाद नहीं होता।
पोस्ट में आगे लिखा है- एक बार फिर KLA डीआईजी संदीप गोयल को चेतावनी देती है कि आप, आपका परिवार और आपके रिश्तेदार हमारा निशाना हैं। शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला आपके करीबियों और प्यारे लोगों के खून से लिया जाएगा। गोयल परिवार ने बहुत सारे अत्याचार किए हैं। हम इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा। विशेष धमाके की वीडियो जल्द ही जारी की जा रही है।

धमाके के बाद यह पोस्ट जारी किया गया है। हालांकि, भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)
जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा- स्कूटी में आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। अभी यही जानकारी मिली है। स्कूटी पर दो लड़के आए थे दोनों लड़कों को पुलिस और सिक्योरिटी फोर्सज ने हिरासत में रखा है। फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं।जब CP से पूछा गया कि क्या दोपहर को उक्त क्राइम सीन एरिया पर ब्लास्ट का अलर्ट आया था? उनका जवाब था- तो…? फिर उनसे पूछा कि आपने सर्च करवाया, तब भी ब्लास्ट हो गया? इस पर भी CP बोलीं- तो…? इसके बाद वह चली गईं।

जालंधर में क्राइम सीन को पुलिस ने सील कर दिया है। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)
डिलीवरी बॉय गुरप्रीत सिंह उर्फ क्रिस ने पुलिस पूछताछ में बताया- मैं पार्सल देने नहीं, बल्कि लेने आया था। मैंने एक्टिवा फुटपाथ पर खड़ी की और गेट पर पार्सल देने के लिए फौजी को कॉल किया। मैं इंतजार कर रहा था, तभी एक युवक पास से निकला। कुछ देर बाद धमाका हो गया।
उसने बताया- मैं घबराकर गेट की ओर भागा। बीएसएफ कर्मी मौके पर पहुंचे। धमाके में एक्टिवा की नंबर प्लेट उछलकर गिर गई और स्कूटी में आग लग गई। इसके बाद पुलिस ने मुझे हिरासत में लिया। एक महिला अधिकारी ने खुद को एसपी बताया और मुझे अंदर ले जाया गया। मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
गुरप्रीत के पिता कश्मीर सिंह ने कहा कि उनका 22 वर्षीय बेटा 3 महीने पहले ही इस काम पर लगा था। उन्होंने कहा कि उनका बेटा पूरी तरह बेगुनाह है और उन्हें उससे मिलने नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि एक फौजी का बेटा कभी देश के खिलाफ नहीं जा सकता। वह आतंकी नहीं हो सकता।

डिलीवरी बॉय गुरप्रीत सिंह उर्फ क्रिस पुलिस की हिरासत में है। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)
रात में ही जांच एजेंसियां बीएसएफ से रिटायर्ड कश्मीर सिंह के गढ़ा स्थित सड़क मोहल्ला पहुंचीं। यहां गुरप्रीत के बारे में जानकारी जुटाई गई। पता चला कि वह अपने ममेरे भाई को घर छोड़कर सीधे बीएसएफ चौक आया था। जांच के बाद टीम वापस लौट गई।
अमृतसर बीएसएफ कैंप पर धमाके को लेकर SSP सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ कैंप की तरफ फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके से चारदीवारी पर सेना क्षेत्र को कवर करने के लिए लगाई गई टीन शेड ढह गईं। गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी थोड़ा नुकसान हुआ है। धमाके की आवाज सुनते ही सैन्य अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
जालंधर में बीएसएफ चौक से 50 मीटर दूर पुलिस बूथ है, जहां सर्च टीम मौजूद थीं। धमाके वाली जगह पर शाम के समय आमतौर पर भीड़ रहती है। लुधियाना और अमृतसर रूट की बसें यहां रुकती हैं। एजेंसियों का मानना है कि बड़ी आतंकी साजिश की तैयारी थी, लेकिन उस समय कोई बस खड़ी नहीं थी। दो कारें चपेट में आई, जो वहां से गुजर रही थीं।
पिछले दो वर्षों में आतंकी वारदात में आईईडी का उपयोग बढ़ा है। जालंधर में हुए ब्लास्ट में भी शुरुआती इनपुट आईईडी के ही हैं। यह पंजाब में सक्रिय स्लीपर सेल्स का पुराना तरीका रहा है। पंजाब में उग्रवाद के दौर में कार या स्कूटर बम की कई घटनाएं होती थीं। इसे भीड़ वाली जगह पर लगाया जाता था। इसके बाद आतंकियों ने यह तरीका दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में इस्तेमाल किया।
ब्लास्ट के बाद के PHOTOS…

धमाके से BSF हेडक्वार्टर के बाहर लगा बोर्ड भी टूट गया। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)

BSF हेडक्वार्टर के टूटे बोर्ड को लेकर जाता पुलिस कर्मचारी। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)

ब्लास्ट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)

मौके से सबूत इकट्ठे करते हुए टीम। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)

मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू की। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)

धमाके के बाद मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट जांच करते हुए। (VIDEO/IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK)

