वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब में जिला परिषद की 347 सीटों और ब्लॉक समिति की 2,838 सीटों के लिए विजेताओं का फैसला हो रहा है। फिरोजपुर में पूर्व गैंगस्टर व समाज सेवी गुरप्रीत सेखों के आजाद ग्रुप ने जिला परिषद की 2 सीटें जीत ली हैं। उनकी पत्नी मनदीप कौर सेखों और कुलजीत कौर सेखों जिला परिषद का चुनाव जीती हैं। एक सीट पर साढ़े 8 हजार तो दूसरे पर साढ़े 3 हजार से जीत हुई।
सेखों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोगों ने मुझे फर्श से अर्श पर ला दिया। मैं उनका कर्जदार रहूंगा। अपना खून देकर भी कर्ज नहीं चुका सकता। सेखों की जीत इसलिए अहम है क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान पुलिस ने वोटरों को धमकाने का आरोप लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर उन्हें छोड़ा गया था। लुधियाना के खन्ना में अकाली दल ने खन्ना-मलेरकोटला रोड पर जाम लगा दिया है। उनका कहना है कि लिबड़ा जोन से अकाली दल के उम्मीदवार सोनू नागरा जीत रहे हैं लेकिन ब्लॉक समिति का नतीजा जारी नहीं किया जा रहा। इससे पहले दोपहर में जलालाबाद में भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस के वर्करों ने फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे जाम कर दिया था। उन्होंने कहा था कि उनके एजेंटों को एंट्री न देकर अंदर गड़बड़ी की जा रही है। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया।
ब्लॉक समिति के चुनावों में AAP के दिग्गजों को बड़ा झटका लगा है। सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के गांव कुरड़ से आम आदमी पार्टी हार गई और अकाली दल की जसविंदर कौर जीत गई। संगरूर से विधायक MLA नरिंदर कौर भराज के गांव भराज में भी AAP हार गई। यहां कांग्रेस ने 25 वोटों से जीत हासिल की। प्रचार के दौरान भराज के 2 वीडियो वायरल हुए थे, एक में वह नेताओं को चेतावनी तो दूसरे में उनके करीबियों पर नशे बेचने जैसे आरोप लगा रहीं थीं।

आप विधायक व पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के गांव के जगदेव कलां से AAP के उम्मीदवार हार गए। कांग्रेस ने पोस्ट डालकर AAP को तंज कसा है। कोटकपूरा से AAP के विधायक और पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार संधवां के गांव संधवां से भी आम आदमी पार्टी ब्लॉक समिति का चुनाव हार गई। वहां से अकाली दल के उम्मीदवार महिंदर सिंह ने 171 वोटों से जीत हासिल की। हालांकि जिला संगरूर के ब्लॉक समिति चुनाव में CM भगवंत मान के गावं सतोज में AAP को जीत मिली है।

