वरिष्ठ पत्रकार.फरीदकोट।
भाजपा प्रत्याशी हंसराज हंस को लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हंसराज हंस बिहलेवाला गांव में प्रचार करने के लिए पहुंचे थे। यहां किसानों ने हंसराज हंस का विरोध करना शुरू कर दिया। हंसराज हंस ने गांव के जिस घर में जाना था, उक्त घर तक जाने वाले रास्ते को किसानों द्वारा बंद कर दिया गया। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम में जाने से रोक दिया। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद किसी तरह किसानों को रोका और हंसराज हंस को कार्यक्रम में जाने दिया।
कार्यक्रम में हंसराज हंस ने कहा कि 4 जून को यही लोग (विरोध करने वाले) नमन करेंगे। हंस ने कार्यक्रम का संचालन कर रहे व्यक्ति से विरोध करने वाले लोगों के नाम और नंबर नोट करने को कहा। साथ ही कहा कि ये लोग पैरों में माथा टेक कर माफी मांगेंगे। वहीं इस मामले में आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को शिकायत की तैयारी कर ली है। उनका कहना है कि हंस राज हंस धमकी दे रहे हैं।

