वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।

फगवाड़ा में FEMA (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम ) के उल्लंघन को लेकर ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने रेड की है। जालंधर जोनल ऑफिस की टीम ने 4 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई फगवाड़ा की फर्म ओपल इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (OEC) के परिसरों पर की गई। ED ने यह कार्रवाई 14 नवंबर 2025 को की है। इसमें बताया गया है कि फगवाड़ा शहर के जिन 4 ठिकानों पर कार्रवाई की है वहां पर इंजीनियरिंग सामान के निर्यात में नियमों की अनदेखी और विदेश से गलत तरीके से भुगतान लेने के आरोप हैं।

ED की जांच के अनुसार, कंपनी ने सीरिया, ईरान, तुर्की, कोलंबिया जैसे देशों को माल भेजा था, लेकिन इसका निर्यात भुगतान FEMA और RBI के नियमों के मुताबिक नहीं मिला। जांच में पता चला कि भुगतान थर्ड पार्टी के जरिए हुआ और रकम सीधे निजी खातों में ली गई। न तो कोई ट्राई-पार्टी एग्रीमेंट मौजूद था और न ही एडजस्टमेंट एंट्री का कोई डॉक्यूमेंट मौजूद था। फर्म ने असली दिखाने के लिए फर्जी कस्टम ईमेल आईडी का सहारा भी सहारा लिया।
ED की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ निर्यात सौदे भारत और विदेश दोनों जगह कैश में निपटाए गए। छापेमारी के दौरान ED ने 22 लाख रुपए की इंडियन करेंसी, कई आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत कब्जे में लिए हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले में जांच जारी है और आगे कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

