वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पाकिस्तान में बैठा आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा ने पंजाब के एक्साइज विभाग और शराब ठेकेदारों को धमकी दी है। हरविंदर रिंदा ने धमकी दी है कि ये लोग अपना बचाव कर लें, किसी को भी बारूद से उड़ाया जा सकता है। इसे लेकर एक कथित ऑडियो क्लिप भी सामने आया है। वह पाक की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहा हैं। इस बयान की क्लिप की एसएनई न्यूज़ पुष्टि नहीं करता है।

यह ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसमें उसने पंजाब में हालिया हिंसा और ठेकों पर हमलों को लेकर सीधी चेतावनी दी है। इसमें वह पहले दी गई चेतावनियों का हवाला दे रहा है और कह रहा है कि इससे अगली कार्रवाई और बड़ी होगी।

सुरक्षा संस्थानों के लिए यह बयान चिंताजनक
सुरक्षा संस्थानों के लिए यह बयान चिंताजनक है क्योंकि इसमें ठेकेदारों, ठेकों पर काम करने वाले कर्मचारियों और एक्साइज विभाग के कर्मियों को टारगेट करने की धमकी दी गई है। उक्त रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद से विभाग और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। ये पूरी रिकॉर्डिंग करीब 4.35 मिनट की है।

