वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवाल पाकिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के संपर्क में है। जीशान इस वक्त कनाडा से रिंदा के लिए ऑपरेटिव के तौर पर काम कर रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आई एक ऑडियो क्लिप में वह युवाओं को सांप्रदायिक नारेबाजी करने के लिए उकसाते हुए सुनाई दे रहा है। रविवार को सोशल मीडिया यह वीडियो खूब तेजी से प्रसारित हुआ।

उसने नेपाल और लद्दाख में हुए प्रदर्शनों का हवाला देते हुए पंजाब में लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए उकसाया। उसने कहा कि पंजाब में युवाओं को मारा जा रहा है। हालांकि, एसएनई न्यूज़ इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

..जानिए, वायरल क्लिप में जीशान ने क्या कहां..?
जीशान अख्तर ने कहा कि पंजाब में नौजवानों पर कत्लेआम बढ़ गया है। खालिस्तान जिंदाबाद लिखने पर युवकों को मार दिया गया, नशा रोकने के बहाने शराब ठेके पर ग्रेनेड हमले और उसके बाद एनकाउंटर जैसी घटनाएं हुईं। कुछ युवकों को घरों से उठाकर उनकी टांगें तोड़ दी गईं। ये सारी घटनाएं समुदाय में भय और आक्रोश पैदा कर रही हैं।
इतने अत्याचारों के बाद भी हमारे नौजवान क्यों नहीं जाग रहे। जहां नेपाल और लद्दाख में लोग विरोध कर रहे हैं, उसी प्रकार पंजाब में भी सिर उठाने की जरूरत है। घरों से निकलकर विरोध करो। अगर खालिस्तान स्थापित करना है तो सभी को बाहर आकर एक होना पड़ेगा। सभी एकजुट होकर आंदोलन को संगठित तरीके से बढ़ाएं।

..कैसे बना जीशान अख्तर गैंगस्टर
जीशान अख्तर जालंधर की नकोदर तहसील के शंकर गांव का रहने वाला है। शुरू में वह पत्थर लगाने का काम करता था। धीरे‑धीरे उसका रास्ता अपराध की ओर मुड़ गया और वह टारगेट किलिंग, हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में फंस गया। जीशान पर कुल 9 मामले दर्ज हैं। उसे आखिरी बार जालंधर में CIA स्टाफ ने गिरफ्तार किया था।
कैसे, लारेंस गैंग से जुड़ा..जानिए, खास रिपोर्ट में….?
जेल में रहते हुए जीशान की मुलाकात लॉरेंस गैंग के प्रमुख शूटर विक्रम बराड़ से हुई। इसके जरिए वह लॉरेंस गैंग के साथ जुड़ गया। जीशान ने पुलिस को बताया कि पिता के अपमान का बदला लेने के कारण उसने अपराध की राह अपनाई और अपराधी बन गया। गैंगस्टर विक्रम बराड़ के कहने पर जीशान ने सौरभ महाकाल के साथ मिलकर तरनतारन में पहली हत्या को अंजाम दिया। सौरभ महाकाल पहले भी कई बड़े मामलों में शामिल रहा है, जैसे सलमान खान के घर धमकी भरा पत्र फेंकना और पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में हथियार और सुरक्षा मुहैया कराना।
जाने…कैसे भागा विदेश..?
जीशान बाबा सिद्दीकी की हत्या उपरांत भारत से बाहर भाग गया। पहले भारत से नेपाल, नेपाल से अजरबैजान और वहां से यूरोप होते हुए कनाडा भाग गया। इस वक्त कनाडा में ही है। विदेश भागने के बाद इस साल की शुरुआत में जीशान ने वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उसने कहा कि भारत में उस पर बाबा सिद्दीकी की हत्या और कई अन्य केस चल रहे हैं। इस मामले में शहजाद भट्टी ने उसका साथ दिया और उसे अपना बड़ा भाई बताया।

