वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब में सर्दी ने ठंड का कहर बढ़ा दिया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों में लुधियाना में 3.6 एमएम, पटियाला में 2.2 एमएम और गुरदासपुर में 6.5 एमएम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने शनिवार को बेहद घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। आने वाले दो दिनों में रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। गुरदासपुर 6.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर घने कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द या देरी का शिकार रहीं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई–अमृतसर उड़ान IX-320, मलेशियन एयरलाइंस की कुआलालंपुर–अमृतसर उड़ान MH-148 और अमृतसर–कुआलालंपुर उड़ान MH-149 को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा दिल्ली–अमृतसर सेक्टर की कुछ एयर इंडिया की सुबह की उड़ानें भी परिचालन कारणों से निरस्त रहीं, जबकि कई उड़ानें देरी से संचालित हुईं।

