SNE NETWORK.MOHALI.
चंडीगढ़ में कैब ड्राइवर ने युवती को अश्लील मैसेज भेजे। उसने फ्री राइड के बदले शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा। ड्राइवर ने लिखा- जितने पैसे बोलोगी, उतनी पेमेंट करूंगा। उसने इसका विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। युवती के मुताबिक उसने इसकी पुलिस को शिकायत दी। लेकिन FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद सेक्टर-26 थाना की पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर और युवती को थाने बुलाकर आपसी समझौता करवा दिया। इस दौरान कैब ड्राइवर ने थाने में युवती से माफी मांगी। युवती को देर रात काम से घर लौटना था। इसके लिए उसने इनड्राइव एप के जरिए कैब बुक की थी।

युवती ने चैटिंग के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे।
पढ़ें पूरा मामला…?
- युवती ने बताया कि 27 जनवरी की रात वह सेक्टर-26 स्थित अपने कार्यस्थल से घर लौट रही थी। रात करीब 12 बजे उसने सिंधी स्वीट्स के पास से इनड्राइव एप के जरिए कैब बुक की। कैब को राम नाम के ड्राइवर ने एक्सेप्ट किया। एप पर उसकी फोटो और कार नंबर भी मौजूद था। आरोपी की कार स्विफ्ट डिजायर थी।
- युवती ने बताया कि कैब बुक होने के बाद आरोपी ने मैसेज कर पूछा कि वह अकेली है या नहीं। इसके बाद उसने लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजने शुरू कर दिए। पहले बॉयफ्रेंड को लेकर सवाल किए, फिर फ्री राइड के बदले शारीरिक संबंध बनाने की पेशकश कर दी। आरोपी ने यह भी कहा कि जितने पैसे बोलोगी, उतनी पेमेंट करूंगा।
- युवती ने बताया कि जब उसने वॉट्सएप चैट पर इसका विरोध किया तो आरोपी ने पहले माफी मांगी और फिर धमकाने लगा। उसने लिखा कि वह अभी मिलने आ सकता है और जरूरत पड़ी तो पुलिस थाने भी पहुंच जाएगा। युवती ने बताया कि उसने पुलिस को शिकायत देने की बात कही तो वह थाने का नाम और लोकेशन मांगने लगा। बारिश और देर रात होने के कारण वह काफी डर गई थी।
- युवती ने बताया कि घटना के अगले दिन 28 जनवरी को सेक्टर-26 थाने में लिखित शिकायत दी। उसने इनड्राइव एप पर उपलब्ध ड्राइवर की पूरी जानकारी और अश्लील मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे। इसके बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। 3 दिन तक पुलिस कार्रवाई का इंतजार करती रही। युवती का आरोप है कि शुक्रवार को उसे सेक्टर-26 थाने बुलाया गया, जहां वह काफी देर तक बाहर खड़ी रही। बाद में चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन के सदस्य उसके साथ थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को उसके सामने पेश किया। आरोपी अपने परिवार के साथ थाने पहुंचा और पुलिस की मौजूदगी में पूरी घटना स्वीकार करते हुए पीड़िता से माफी मांगी। इस माफी का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया।

कैब ड्राइवर ने युवती को गुस्सा न करने का मैसेज भी किया।

आरोपी कैब ड्राइवर ने युवती से लोकेशन भी मांगी।
घटना के बाद युवती जब दूसरी कैब में बैठी तो वह काफी घबराई हुई थी। संयोग से वह कैब चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन के एक सदस्य की निकली। ड्राइवर ने उसे भरोसा दिलाया और बताया कि यूनियन पहले भी ऐसे मामलों में पीड़ितों की मदद कर चुकी है। इसके बाद युवती ने पूरी घटना यूनियन को बताई।

कैब ड्राइवर ने युवती से बॉयफ्रेंड के बारे में भी पूछा।
चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन के प्रधान अमनदीप सिंह ने कहा कि आरोपी कैब ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। युवती ने साहस दिखाकर शिकायत की है। इसके लिए उसे सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समझौता नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई जरूरी है।

कैब ड्राइवर ने थाने में युवती से माफी मांगी।

