वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली।
डेराबस्सी में गैंगस्टर लॉरेंस के साथियों और पुलिस के बीच एनकाउंटर हुआ। इस दौरान एक बदमाश सुमित को गोली लगी है। घायल गैंगस्टर को पुलिस ने तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सुमित हत्या के मामले में आरोपी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जानकारी दी जाएगी। पता चला है कि 18 मई को एक हत्या हुई थी, उसमें सुमित शामिल था। उस पर हत्या का केस दर्ज था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। उस पर पंजाब, हरियाणा और राजस्थान पुलिस की नजर थी। इस बीच यह डेराबस्सी के गुलाबगढ़ रोड़ पर एक पीजी में रह रहा था।
कैसे हुआ एनकाउंटर..जानिए, खास रिपोर्ट में..?
बताया जा रहा है कि मोहाली पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को जब सुमित के बारे पता चला तो टीम मौके पर पहुंची। सुमित ने तत्काल टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद बचाव करते हुए पुलिस ने इसके पैर में गोली दागी। जिसके बाद उसे दबोचा लिया गया। कथित अपराधी के पास से हथियार भी बरामद हुए है।
जांच—-यहां से भागने की फिराक में था
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी पंजाब में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। उसने यह स्थान इसलिए चुना था क्योंकि यहां से हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल की ओर भागना आसान था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी वहां कितने दिनों से रह रहा था और उसने पीजी किस तरह लिया था। हालांकि 15 अगस्त तक नजदीक है। ऐसे में पुलिस किसी तरह की ढील नहीं कर रही है।

