SNE NETWORK. JALHANDAR/CHANDIGARH.
पंजाब के बंगा के रहने वाले हाई-प्रोफाइल ड्रग तस्कर राजा कंदोला का निधन हो गया। मुंबई में रह रहे राजा कंदोला को हार्टअटैक आया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजा कंदोला का असली नाम रणजीत सिंह था। उसका नाम पंजाब का सबसे चर्चित ड्रग तस्करों में से एक था। उसे जालंधर की एक विशेष PMLA (मनी लॉन्ड्रिंग) कोर्ट ने 200 करोड़ रुपए के ड्रग रैकेट मामले में 9 साल की कैद की सजा सुनाई थी।
इस मामले में उसकी पत्नी रजवंत कौर को भी 3 साल की सजा मिली थी। 2024 में राजा कंदोला का आइस ड्रग (क्रिस्टल मेथ) तस्करी मामला चर्चा में रहा था। जेल से छूटने के बाद वह परिवार के साथ मुंबई जाकर बस गया था, जहां उसकी हार्टअटैक से मौत हो गई।

गिरफ्तारी के वक्त राजा कंदौला। फाइल फोटो
राजा कंदोला मूल रूप से पंजाब के नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर) जिले के बंगा का रहने वाला है। वह काफी समय तक अमेरिका और जिम्बाब्वे जैसे देशों में रहा, जहां से उसने ड्रग तस्करी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क बनाया। पंजाब लौटने के बाद उसने खुद को एक बड़े फार्महाउस के मालिक के रूप में स्थापित किया।
- कंदोला का नाम पहली बार जून 2012 में तब सुर्खियों में आया जब पंजाब पुलिस ने 200 करोड़ रुपए के सिंथेटिक ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया। इसमें पुलिस से बचते हुए वह दिल्ली भाग गया, लेकिन अगस्त 2012 में उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। रणजीत सिंह उर्फ राजा कंदोला को पंजाब में आइस मैन के नाम से भी जाना जाता था, क्योंकि वह सिंथेटिक ड्रग्स (जैसे आइस या मेथमफेटामाइन) के अवैध धंधे का मास्टरमाइंड था। पुलिस के अनुसार राजा मेथमफेटामाइन (आइस) और अन्य नशीले पदार्थ बनाने के लिए दिल्ली और पंजाब में अवैध लैब चलाता था। वह कच्चा माल दिल्ली से लाता और उसे रिफाइन करके विदेशों में सप्लाई करता।
- कंदोला के साथ उसकी पत्नी रजवंत कौर और बेटा बाली सिंह भी कानूनी मुश्किलों में फंसे। दोनों का नाम भी ड्रग तस्करी में आया। राजा की एक महिला मित्र सोनिया का नाम भी इस केस में चर्चा में रहा था, जो कथित तौर पर उसके होटल और प्रॉपर्टी के कारोबार को देखती थी।इसके अलावा राजा कंदोला राजा ड्रग तस्करी के कई केसों में शामिल था, जिसके चलते वह पंजाब की अदालतों में पेश होने के लिए आता रहता था। दिल्ली में बरामद ड्रग्स के केस में 15 साल की कैद हुई थी। इस तरह राजा को दो मामलों में सजा हो चुकी है, जबकि दो में वह बरी हो चुका है।

पुलिस हिरासत में राजा कंदौला। फाइल PHOTO
अगस्त 2024 में जालंधर की एक विशेष अदालत ने राजा कंदोला को ईडी की ओर से दर्ज किए गए मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 9 साल की कैद की सजा सुनाई गई। उसकी पत्नी रजवंत को भी 3 साल की सजा हुई। राजा के खिलाफ जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर में दर्जनों मुकदमे दर्ज हुए। कुछ मामलों में राजा बरी हो चुका है।जगदीश भोला ड्रग मामले में भी सामने आया था। उस समय जांच एजेंसियां जगदीश भोला को बड़े ड्रग नेटवर्क में मुख्य कड़ी मानती थीं। आइस ड्रग (क्रिस्टल मेथ) तस्करी के मामलों में उसका नाम कई बार सामने आया। सूत्रों के अनुसार राजा लंबे समय से मुंबई में रह रहा था और वहीं से अपना कारोबार चलाता था।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि राजा कंदोला कई दिनों से बीमार चल रहा था। उसे बीमार होने के चलते अस्पताल ले जाया गया था, जहां हार्ट अटैक के चलते उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग उसके शव को मुंबई स्थित घर ले गए। परिवार के मुताबिक, उसका मुंबई में ही संस्कार किया जाएगा।

